कांग्रेस नेता विजय बंसल ने कहा करोड़ों रुपए खर्च करने के बावजूद भी एप्पल मंडी का पूरा ढांचा नहीं हुआ तैयार
विजय बंसल का आरोप बीजेपी सरकार द्वारा पिंजौर, कालका क्षेत्र के 10 हजार लोगों को रोजगार देने का वादा हुआ जुमला साबित
केवल 2 महीने हिमाचल प्रदेश के सेब व्यापारियों के लिए खुलती है एप्पल मंडी पूरे वर्ष पड़ी रहती है सुनसान, सेब के सीजन में हाईवे पर ट्रैफिक जाम से लाखों लोग होते हैं परेशान
बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
पंचकूला/पिंजौर 22 मई 2026।
जीरकपुर – परवाणु नेशनल हाईवे पर स्थित एचएमटी कंपनी पिंजौर की लगभग 78 एकड़ भूमि पर सरकार द्वारा बनाई गई एप्पल मंडी के फ्लॉप होने का मुद्दा उठाते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं शिवालिक विकास मंच प्रदेश अध्यक्ष विजय बंसल एडवोकेट ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिंजौर, कालका क्षेत्र वासियों को गुमराह कर एप्पल मंडी आरंभ होने के बाद क्षेत्र के 10 हजार लोगों को रोजगार देने का झांसा देकर औद्योगिक प्रयोग के लिए पड़ी एचएमटी कंपनी पिंजौर की जमीन पर हरियाणा की भाजपा सरकार द्वारा अभी तक लगभग 422 करोड रुपए खर्च कर बनाई गई एप्पल मंडी अब पूरी तरह से सुनसान पड़ी है। विजय बंसल एडवोकेट ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के सेब व्यापारियों के लिए मात्र दो महीनो के लिए खुलने वाली एचएमटी एप्पल मंडी का पिंजौर, कालका वासियों को कोई लाभ नहीं हुआ इसके विपरीत सेब के सीजन में यहां पर सेब से लदे हुए ट्रक खड़े होते हैं जिस कारण नेशनल हाईवे पर हमेशा ट्रैफिक जाम लगा रहता है जिससे यहां से गुजरने वाले लाखों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

विजय बंसल एडवोकेट ने बताया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने एचएमटी की खाली पड़ी जमीन पर एप्पल मंडी बनाने की घोषणा की थी। जिसके बाद हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं बुनियादी ढांचा विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) ने एचएमटी की 78 एकड़ जमीन नवंबर 2018 में अधिग्रहण कर मार्केटिंग बोर्ड को एप्पल मंडी निर्माण के लिए 250 करोड रुपए में दे दी थी। विजय बंसल ने बताया कि जब तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खत्तर्गत 2 नवंबर 2018 में कालका में एप्पल मंडी की आधारशिला रखने आए थे तब एचएमटी बचाओ संघर्ष समिति संरक्षक विजय बंसल एडवोकेट के नेतृत्व में लोगों ने मुख्यमंत्री को काले झंडे भी दिखाए थे।
विजय बंसल ने बताया कि बोर्ड के अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मार्केटिंग बोर्ड ने ऋण एवं अन्य स्रोतों से करोड़ों रुपए की राशि लेकर निर्माण कार्य आरंभ किया था लेकिन अभी भी निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है।
विजय बंसल ने कहा जब पिंजौर, कालका और आसपास के क्षेत्र में सेब की खेती ही नहीं होती, ना ही यहां के लोगों के फलों के बगीचे हैं तो फिर सरकार का पिंजौर में एप्पल मंडी लगाने का क्या औचित्य रहा। विजय बंसल ने मौजूदा सरकार पर आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अधिकारियों और अपने लोगों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जनता के करोड़ों रुपए पानी में बहा दिए, इसका ना तो कालका के किसानों को न ही क्षेत्र के युवाओं को इसका कोई लाभ हुआ, इतना ही नहीं इस एप्पल मंडी से हरियाणा के किसानों को भी कोई लाभ नहीं हुआ, यदि मंडी निर्माण पर खर्च की गई आधी राशि भी एचएमटी ट्रैक्टर फैक्ट्री के रिवाइवल पर लगाई जाती तो न केवल हजारों युवाओं को रोजगार मिलता बल्कि ट्रैक्टर निर्माण से प्रदेश सरकार को भी राजस्व प्राप्त होता। बिजली, पानी आदि की खपत से भी सरकार को लाभ अर्जित होता। उन्होंने बताया कि केवल यही नहीं इस खाली जमीन पर सैकड़ो पेड़ लगे हुए थे जिससे पिंजौर क्षेत्र का वातावरण शुद्ध था लेकिन अब पेड़ काटकर वातावरण को भी दूषित करने का काम किया गया है।
विजय बंसल ने कहा कि मंडी में किसान भवन नहीं बना किसानो की सुविधा के लिए कोई ठोस ढांचा तैयार नहीं किया। उन्होंने बताया कि एचएमटी एप्पल मंडी से सरकार को कोई आय अर्जित नहीं हो रही। ना ही पिंजौर, कालका के लोगों को मंडी में कोई रोजगार मिला, उल्टे यहां पर भारी ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा हो जाती है। यदि सरकार एचएमटी कंपनी की खाली पड़ी जमीन पर उद्योग लगती तो यहां के हजारों युवाओं को रोजगार मिलता। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा एचएमटी ट्रैक्टर फैक्ट्री को बंद करने का फरमान जारी किया गया था जबकि इस फैक्ट्री से न केवल हजारों लोगों को रोजगार मिल रहा था बल्कि यहां पर बनने वाले ट्रैक्टर से सरकार को कस्टम ड्यूटी, एक्साइज ड्यूटी, सेल टैक्स, इनकम टैक्स बिजली, पानी सहित अन्य टैक्स से करोड़ों रुपए का राजस्व प्राप्त होता था जो फैक्ट्री बंद करने के बाद सरकार को नुकसान उठाना पड़ रहा है। जबकि मंडी निर्माण से पूर्व और विगत 2024 के चुनाव से पूर्व बीजेपी सरकार ने क्षेत्र के 10 हजार लोगों को रोजगार दिलाने का वादा किया था। विजय बंसल ने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रताप सिंह कैरों की कांग्रेस की सरकार ने उद्योग लगाने के उद्देश्य से जमीन का अधिग्रहण किया था लेकिन बीजेपी ने लोगों को रोजगार देने वाली जमीन पर एप्पल मंडी बनकर क्षेत्र के युवाओं को किसी लायक नहीं छोड़ा।













Total Users : 323461
Total views : 540129