October 12, 2026 5:11 pm

October 12, 2026 5:11 pm

PANCHKULA: कालका-शिमला हाईवे पर ट्रैफिक जागरूकता अभियान, सैकड़ों वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए

पंचकूला, 07 जनवरी — सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पंचकूला पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज सिटी ट्रैफिक थाना पंचकूला के एसएचओ वरिन्द्र कुमार के नेतृत्व में कालका–शिमला हाईवे पर विशेष ट्रैफिक जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।

अभियान के दौरान ट्रक, पिकअप और अन्य भारी व हल्के वाहनों के चालकों से सीधे संवाद कर उन्हें घुंध व कोहरे के दौरान सावधानीपूर्वक वाहन चलाने, तेज गति से बचने, आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा लाइट और रिफ्लेक्टर का सही उपयोग करने की जानकारी सरल भाषा में दी गई। पुलिस ने वाहन चालकों को हाईवे पर गलत ढंग से वाहन खड़ा न करने की भी समझाइश दी, क्योंकि इससे यातायात बाधित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।
इस दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सैकड़ों वाहनों पर मौके पर ही रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए, ताकि रात और कोहरे में वाहन दूर से ही स्पष्ट दिखाई दें। वहीं, ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने पर नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़ी तीन गाड़ियों के चालान भी काटे गए।
एसएचओ वरिन्द्र कुमार ने वाहन चालकों से अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, थोड़ी सी सतर्कता बरतें और अपनी व दूसरों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
इस संबंध में डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि घुंध और कोहरे के मौसम में जरा सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। यदि वाहन चालक गति सीमा का पालन करें, रिफ्लेक्टर व लाइट का सही उपयोग करें और सड़क पर गलत तरीके से वाहन खड़ा न करें, तो कई कीमती जानें बचाई जा सकती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचकूला पुलिस का उद्देश्य चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाना है.

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 2 5 0
Total Users : 429250
Total views : 684518

शहर चुनें