रमेश गोयत
चंडीगढ़, 18 जून 2026: चंडीगढ़ पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार स्नैचरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने की चेन, 2,560 रुपये नकद तथा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (यूटी) सुमेर प्रताप सिंह के निर्देशों, पुलिस अधीक्षक (सिटी) के.एम. प्रियंका के मार्गदर्शन तथा एसडीपीओ साउथ गुरजीत कौर की निगरानी में सेक्टर-31 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरिओम शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस ने एफआईआर नंबर 97, दिनांक 16 जून 2026, थाना सेक्टर-31, चंडीगढ़ में दर्ज मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शोबित ठाकुर (26), सुभोध कुमार माजी (46), मोहम्मद हसन उर्फ अली (22) और गुरदीत सिंह उर्फ भोलू उर्फ गुरी (23) के रूप में हुई है।
किराना दुकानदार से छीनी थी सोने की चेन
पुलिस के अनुसार सेक्टर-32सी निवासी कुलविंदर सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह सेक्टर-31डी स्थित बूथ नंबर-65 में किराना दुकान चलाते हैं। 16 जून की शाम करीब 6:15 बजे एक युवक सामान खरीदने के बहाने दुकान पर आया और मौका पाकर उनकी 9.16 ग्राम वजनी सोने की चेन झपटकर फरार हो गया।
शिकायतकर्ता ने आरोपी का पीछा किया, लेकिन सड़क पर पहले से मोटरसाइकिल लेकर खड़ा उसका साथी उसे लेकर फरार हो गया। शिकायतकर्ता बाइक का नंबर नोट नहीं कर सका, लेकिन आरोपी को पहचानने की बात कही थी।
जांच के दौरान चारों आरोपी दबोचे गए
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 18 जून को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मोहम्मद हसन उर्फ अली और सुभोध कुमार माजी के कब्जे से आधी-आधी सोने की चेन बरामद की। वहीं शोबित ठाकुर के पास से 1,250 रुपये और गुरदीत सिंह के पास से 1,310 रुपये नकद बरामद किए गए।
इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त कर ली है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है।
एक आरोपी पर पहले भी दर्ज है मामला
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी शोबित ठाकुर के खिलाफ पहले भी स्नैचिंग का मामला दर्ज है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में सारंगपुर थाना, चंडीगढ़ में धारा 379-ए और 34 आईपीसी के तहत केस दर्ज किया गया था।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि वे अन्य वारदातों में भी शामिल रहे हैं या नहीं।













Total Users : 346830
Total views : 573380