खुड़ा लाहौरा में कृषि भूमि से मिट्टी उठाने का आरोप, शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से उठे सवाल
बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
चंडीगढ़, 25 जून: चंडीगढ़ जैसे योजनाबद्ध शहर में जहां पर्यावरण और जमीन की सुरक्षा को लेकर लगातार दावे किए जाते हैं, वहीं अब शहर के खुड़ा लाहौरा क्षेत्र में कथित तौर पर खुलेआम मिट्टी की खुदाई और उठान का मामला सामने आया है। मामले को लेकर स्थानीय निवासी हरविंदर सिंह ने चंडीगढ़ प्रशासन के उच्च अधिकारियों को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता हरविंदर सिंह, निवासी हाउस नंबर 334, खुड़ा लाहौरा, चंडीगढ़ ने अपनी शिकायत में बताया है कि वह क्षेत्र में कृषि भूमि के मालिक हैं। उनका आरोप है कि खुड़ा लाहौरा की कृषि भूमि से करीब 25 से 30 फीट तक मिट्टी की खुदाई की जा रही है और मिट्टी को बाहर ले जाया जा रहा है। बिना परमिशन के मिट्टी उठाई जा रही है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि इस कथित गतिविधि का सीधा असर आसपास की कृषि भूमि पर पड़ रहा है। जमीन की गहराई बढ़ने से भूमि कटाव, जमीन धंसने, पानी की निकासी और सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है।
रात के समय होती है मिट्टी की खुदाई का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मिट्टी उठाने का काम कथित तौर पर देर रात करीब 10 बजे से सुबह 5 बजे तक किया जाता है, ताकि लोगों की नजर और प्रशासनिक कार्रवाई से बचा जा सके। शिकायतकर्ता ने इसके समर्थन में मौके की तस्वीरें भी अधिकारियों को सौंपी हैं।
प्रशासन को पहले भी दी जा चुकी है शिकायत
हरविंदर सिंह के अनुसार, उन्होंने इस मामले को लेकर पहले भी डिप्टी कमिश्नर कार्यालय चंडीगढ़, एसडीएम, और एस्टेट ऑफिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया है कि एस्टेट ऑफिस में डायरी नंबर 2772029 दिनांक 04/05/2026 के माध्यम से मामला उठाया गया था। इसके अलावा डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में भी शिकायत दी गई थी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि शिकायतें देने के बावजूद अभी तक मौके पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते कथित मिट्टी उठाने की गतिविधियां जारी हैं।
प्रशासक कार्यालय में भी लगाई गुहार
मामले को लेकर शिकायतकर्ता ने पंजाब राजभवन स्थित प्रशासक कार्यालय, चंडीगढ़ प्रशासन को भी शिकायत भेजकर तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में मांग की गई है कि मौके का निरीक्षण करवाया जाए, अवैध खुदाई को तुरंत रोका जाए और संबंधित विभागों की भूमिका की भी जांच की जाए।
जमीन और पर्यावरण को नुकसान का खतरा
शिकायतकर्ता ने प्रशासन से कहा है कि यदि समय रहते इस गतिविधि को नहीं रोका गया तो इससे कृषि भूमि को स्थायी नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही क्षेत्र के प्राकृतिक संतुलन पर भी असर पड़ सकता है।
अब लोगों की नजर चंडीगढ़ प्रशासन की कार्रवाई पर है कि खुड़ा लाहौरा क्षेत्र में चल रही कथित मिट्टी की खुदाई को लेकर प्रशासन कब तक कदम उठाता है और जांच के बाद क्या कार्रवाई की जाती है।













Total Users : 353788
Total views : 582994