बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
चंडीगढ़/पंचकूला, 26 जून: हरियाणा सरकार से जुड़े चर्चित IDFC फर्स्ट बैंक धन डायवर्जन मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है। मामले में अब सीबीआई ने एक और आईएएस अधिकारी को पूछताछ के लिए उठाया है। जानकारी अनुसार चंडीगढ़ सेक्टर 16 व पंचकूला एमडीसी में 2 आईएएस अधिकारियों के घर और देररात सीबीआई ने रेड की थी। बताया जा रहा है कि एक आईएएस को हिरासत की सूचना है, मगर सीबीआई ने अभी तक इस बात की पुष्टि नही की है। एजेंसी सरकारी धन से जुड़े कथित गड़बड़ी, बैंक खातों के संचालन और करोड़ों रुपये के लेनदेन की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है। जांच एजेंसी इस मामले में बैंक खातों के संचालन, करोड़ों रुपये के लेनदेन, विभागीय मंजूरियों और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। सीबीआई अधिकारियों ने मामले से जुड़े रिकॉर्ड, डिजिटल साक्ष्य और अन्य दस्तावेजों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई है।
मामले में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पंकज अग्रवाल को सीबीआई ने 22 जून की रात चंडीगढ़ स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
सीबीआई की जांच में सामने आया है कि सरकारी विभागों से जुड़े बैंक खातों के संचालन और कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य एजेंसी के हाथ लगे हैं। जांच एजेंसी इन दस्तावेजों के आधार पर अधिकारियों की भूमिका, बैंक प्रक्रियाओं और फंड ट्रांसफर से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
सीबीआई के अनुसार जांच के दौरान आरोपी से बैंक खातों से संबंधित फाइलों, नए खाते खोलने की प्रक्रिया, अधिकारियों को दिए गए निर्देश, बैंक रिकॉर्ड, नोटशीट, मोबाइल संदेशों और अन्य दस्तावेजों के बारे में पूछताछ की गई।
जांच एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि कथित लेनदेन किस प्रक्रिया के तहत हुए और इसमें किन-किन स्तरों पर निर्णय लिए गए। इसी कड़ी में अब अन्य अधिकारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
सीबीआई ने अदालत को बताया है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच जारी है। एजेंसी बैंक अधिकारियों, विभागीय अधिकारियों और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
मामले में अभी जांच पूरी नहीं हुई है और सीबीआई की आगे की कार्रवाई पूछताछ तथा सामने आने वाले नए तथ्यों पर निर्भर करेगी।













Total Users : 353840
Total views : 583062