August 7, 2026 2:57 pm

August 7, 2026 2:57 pm

पंचकूला पुलिस की क्राइम मीटिंग में बड़ा फैसला: हर थाना क्षेत्र में लगेंगे 100 नए सीसीटीवी कैमरे, अपराधियों पर कसेगा शिकंजा

रमेश गोयत
पंचकूला, 6 अगस्त। पंचकूला पुलिस कमिश्नरेट ने अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन की अध्यक्षता में गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित जीओ मैस में आयोजित क्राइम मीटिंग में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में प्रत्येक थाना क्षेत्र में 100 नए सीसीटीवी कैमरे लगाने, अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों और घरेलू सहायकों के सत्यापन को एक सप्ताह में पूरा करने, साइबर अपराधों से निपटने के लिए पुलिस को आधुनिक तकनीक से लैस करने तथा महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में संवेदनशील पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जनसेवा केवल दायित्व नहीं बल्कि जिम्मेदारी है। अपराधियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई, जनता के साथ सम्मानजनक व्यवहार और भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि आमजन के साथ दुर्व्यवहार या भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रत्येक थाना क्षेत्र में 100 नए सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी
बैठक में सबसे महत्वपूर्ण निर्णय प्रत्येक थाना क्षेत्र में 100 नए सीसीटीवी कैमरे लगाने का रहा। पुलिस कमिश्नर ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी टीम के साथ मिलकर अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे महत्वपूर्ण स्थानों की पहचान करें, जहां कैमरे लगाने से अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और अपराधियों की शीघ्र पहचान सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि आधुनिक पुलिसिंग में सीसीटीवी नेटवर्क सबसे प्रभावी हथियार बन चुका है और इसके माध्यम से अपराधों की जांच भी अधिक वैज्ञानिक एवं तेज होगी।

वरिष्ठ नागरिकों और घरेलू सहायकों के सत्यापन के लिए एक सप्ताह का अल्टीमेटम
बैठक में अकेले रह रहे वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल किया गया। पुलिस कमिश्नर ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि शेष सभी वरिष्ठ नागरिकों का सत्यापन एक सप्ताह के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। इसके साथ ही उनके यहां कार्यरत घरेलू सहायकों का भी सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिस टीमें नियमित रूप से वरिष्ठ नागरिकों से संपर्क बनाए रखें, उन्हें साइबर अपराध, फर्जी डिलीवरी बॉय, अज्ञात व्यक्तियों और अन्य संभावित ठगी के तरीकों के प्रति जागरूक करें। संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त भी बढ़ाई जाएगी ताकि बुजुर्ग स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।

अपराध के आंकड़ों में गिरावट, लेकिन और बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य
बैठक में पिछले सात महीनों के अपराध आंकड़ों की समीक्षा भी की गई। पुलिस के अनुसार पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में इस वर्ष कई प्रमुख अपराधों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
वाहन चोरी में 24 प्रतिशत कमी
सामान्य चोरी में 51 प्रतिशत कमी
स्नैचिंग की घटनाओं में 26 प्रतिशत कमी
घरों में चोरी के मामलों में 37.6 प्रतिशत कमी
महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में 24 प्रतिशत कमी
पुलिस कमिश्नर ने इन उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण में सुधार के बावजूद अभी और बेहतर परिणाम हासिल करने की आवश्यकता है। उन्होंने लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महिलाओं के मामलों में संवेदनशील पुलिसिंग पर जोर
बैठक में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को गंभीरता से लेते हुए थाना एवं चौकी प्रभारियों को विशेष निर्देश दिए गए कि किसी भी महिला पीड़िता को अनावश्यक रूप से थानों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जाए और जांच प्रक्रिया को संवेदनशील एवं पीड़ित-केंद्रित बनाया जाए।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाने में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक अधिकारी इस विषय को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।

साइबर पुलिस होगी और अधिक हाईटेक
डिजिटल अपराधों में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए साइबर सेल, साइबर क्राइम थाना तथा तकनीकी कार्यों से जुड़े पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिसकर्मियों को आधुनिक साइबर टूल्स, सॉफ्टवेयर और डिजिटल जांच तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, बैंकिंग फ्रॉड और अन्य साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत
आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर भी बैठक में विस्तृत चर्चा हुई। पुलिस कमिश्नर ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर नियमित निगरानी रखी जाए, सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए तथा किसी भी प्रकार की दुर्घटना, हिंसात्मक गतिविधि या कानून व्यवस्था की समस्या से निपटने के लिए प्रभावी समन्वय सुनिश्चित किया जाए।
इसके अलावा राइडर, ईआरवी, पीसीआर और क्यूआरटी टीमों को हर समय अलर्ट रहने तथा सभी नाकों पर पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।

एंटी बैगिंग ड्राइव और ‘अभेद्य ऐप’ के प्रभावी उपयोग पर जोर
बैठक में एंटी बैगिंग ड्राइव की प्रगति रिपोर्ट की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग जारी रखने तथा जरूरत के अनुसार कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही गन कल्चर, रंगदारी, डिजिटल अरेस्ट और अन्य संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए शुरू किए गए ‘अभेद्य ऐप’ का अधिक से अधिक उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
सूचना देने वालों की पहचान रहेगी पूरी तरह गोपनीय
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने आमजन से पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति किसी अपराध, अपराधी या असामाजिक गतिविधि की सूचना पुलिस को देता है तो उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इतना ही नहीं, महत्वपूर्ण और उत्कृष्ट सूचना देने वाले नागरिकों को पुलिस कमिश्नर स्वयं सम्मानित एवं पुरस्कृत भी करेंगे।
उन्होंने कहा कि जनता की सहभागिता के बिना अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव नहीं है और पुलिस व नागरिकों के बीच भरोसे का मजबूत रिश्ता ही सुरक्षित समाज की नींव है।

भ्रष्टाचार और दुर्व्यवहार पर सख्त चेतावनी
बैठक के समापन पर पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस को जनता की अपेक्षाओं पर हर हाल में खरा उतरना होगा। उन्होंने कहा कि जनसेवा का अवसर सौभाग्य की बात है और प्रत्येक पुलिसकर्मी को पूरी ईमानदारी, समर्पण और आत्मविश्वास के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि भ्रष्टाचार और आमजन के साथ दुर्व्यवहार किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। अपराध नियंत्रण, पारदर्शिता और जनता का विश्वास कायम रखना पंचकूला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
बैठक में डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह, डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह, सभी एसीपी, थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज, क्राइम यूनिटों के प्रभारी, दोनों ट्रैफिक थाना प्रभारियों तथा विभिन्न शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 8 4 3 5 6
Total Users : 384356
Total views : 624457

शहर चुनें