बरवाला बनेगा मॉडल सोलर गांव, एक करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता से लगेंगे सौर ऊर्जा उपकरण
रमेश गोयत
पंचकूला, 10 अगस्त। उपायुक्त सतपाल शर्मा ने जिलावासियों से प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों पर सोलर पैनल लगवाकर केंद्र और राज्य सरकार की सब्सिडी का लाभ उठा सकते हैं तथा बिजली के खर्च में बचत कर सकते हैं।
उपायुक्त सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना को लेकर आयोजित जिला स्तरीय कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में योजना की प्रगति और जिले में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बरवाला को मॉडल सोलर गांव बनाने की तैयारी
बैठक में उपायुक्त ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में विजेता रहे बरवाला को मॉडल सोलर गांव बनाए जाने पर बधाई दी। उन्होंने सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट ऑफिसर को निर्देश दिए कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजना के तहत बरवाला में मॉडल सोलर गांव के लिए मिलने वाली एक करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता से सौर ऊर्जा उपकरण स्थापित करने के लिए विस्तृत एस्टीमेट तैयार किया जाए।
उन्होंने कहा कि बरवाला में उपलब्ध वित्तीय सहायता का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए अधिक से अधिक सौर ऊर्जा उपकरण स्थापित किए जाएं, ताकि गांव को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में मॉडल के रूप में विकसित किया जा सके।
गांवों में लगाए जाएंगे जागरूकता स्टॉल
उपायुक्त ने यूएचबीवीएन के अधीक्षक अभियंता भूपेंद्र सिंह को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इसके तहत गांवों में बिजली विभाग और संबंधित एजेंसियों की ओर से सोलर पैनल सिस्टम के साथ जागरूकता स्टॉल लगाए जाएं।
इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया, इसके फायदे और सरकार की ओर से दी जा रही सब्सिडी की जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने एलडीएम को भी निर्देश दिए कि ग्रामीणों को सोलर पैनल लगाने के लिए बैंकों से उपलब्ध ऋण सुविधाओं के बारे में जागरूक किया जाए, ताकि इच्छुक लोग आसान ऋण लेकर अपने घरों पर सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापित कर सकें।
उपायुक्त ने बिजली विभाग को उपायुक्त कार्यालय सहित अन्य ऐसे सरकारी कार्यालयों में भी जागरूकता बैनर लगाने के निर्देश दिए, जहां बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। इसका उद्देश्य लोगों को प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देना और अधिक से अधिक परिवारों को योजना से जोड़ना है।
केंद्र और राज्य सरकार दे रही सब्सिडी
बैठक में यूएचबीवीएन के अधीक्षक अभियंता ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना के तहत केंद्र और हरियाणा सरकार की ओर से सोलर पैनल लगवाने वाले लाभार्थियों को सब्सिडी प्रदान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से 1 से 10 किलोवाट तक के सोलर सिस्टम लगाने पर निर्धारित नियमों के अनुसार सब्सिडी दी जाती है। वहीं, 1.80 लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले अंत्योदय परिवारों के लिए 2 किलोवाट का सोलर सिस्टम स्थापित करने पर केंद्र सरकार की ओर से 60 हजार रुपये तथा राज्य सरकार की ओर से 50 हजार रुपये की सब्सिडी दिए जाने की जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि अंत्योदय परिवारों के लिए 2 किलोवाट का सोलर सिस्टम लगभग 1.30 लाख रुपये की लागत में स्थापित किया जा सकता है, जिसमें सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता से लाभार्थियों पर आर्थिक बोझ कम होता है।
बरवाला को मिलेगी एक करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता
अधीक्षक अभियंता ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना के तहत आयोजित प्रतियोगिता में बरवाला को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर मॉडल सोलर गांव के रूप में चुना गया है। जिला स्तरीय कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर बरवाला को मॉडल सोलर गांव घोषित किया गया है।
योजना के तहत केंद्र सरकार की ओर से बरवाला को एक करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इस राशि से गांव में सौर ऊर्जा से संबंधित विभिन्न उपकरण एवं सुविधाएं स्थापित की जाएंगी।
उपायुक्त ने कहा कि सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ पात्र परिवारों को इसका लाभ दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
बैठक में एसडीएम कालका संयम गर्ग, यूएचबीवीएन के अधीक्षक अभियंता (ऑपरेशन) भूपेंद्र सिंह, एलडीएम विनोद कुमार, डीआरडीए के परियोजना अधिकारी राजेंद्र कुमार, यूएचबीवीएन के कार्यकारी अभियंता आशीष चोपड़ा, पिंजौर के एक्सईएन ललित अत्री, एसडीओ सिटी निर्मल सिंह, एसडीओ ऑपरेशन रोहित कुमार, एसडीओ निलांसु दूबे, एसडीओ पिंजौर नीरज कुमार, विक्रांत चौधरी सहित सोलर कमेटी के गैर-सरकारी सदस्य और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।














Total Users : 398752
Total views : 643713