August 29, 2026 1:17 am

August 29, 2026 1:17 am

PUNJAB NEWS: मकान देखने पहुंचे दंपती पर पिटबुल का हमला, महिला को एक मिनट तक नोचता रहा; लोगों ने डंडे बरसाकर बचाया

बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
पटियाला। घुम्मन नगर में किराए पर मकान देखने पहुंचे एक दंपती पर पालतू पिटबुल कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। हमले में पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। महिला के हाथ की सर्जरी करनी पड़ी, जबकि उसके पति की टांग और पीठ पर गहरे घाव आए हैं। दोनों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, अंकित समरवाल अपनी पत्नी शिफाली के साथ एक प्रॉपर्टी डीलर के जरिए मकान देखने पहुंचे थे। दंपती बाहर खड़े थे और इसी दौरान प्रॉपर्टी डीलर ने मकान का गेट खोल दिया। गेट खुलते ही घर के अंदर मौजूद पिटबुल तेजी से बाहर आया और शिफाली पर झपट पड़ा।

कुत्ते ने पहले शिफाली की टांग पकड़ ली। पत्नी को बचाने की कोशिश में अंकित आगे आए तो पिटबुल ने उन पर भी हमला कर दिया और उनकी पीठ पर काट लिया। इसके बाद कुत्ते ने शिफाली की बाजू अपने मुंह में दबा ली। महिला को करीब एक मिनट तक कुत्ता नोचता रहा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
लोगों ने डंडे बरसाकर दंपती को बचाया
दंपती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने कुत्ते को भगाने के लिए उस पर करीब 40 से 50 डंडे बरसाए। इसके बाद पिटबुल ने दंपती को छोड़ा और वापस घर के अंदर चला गया। घायल दंपती को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
अंकित ने बताया कि घटना के समय आसपास के लोग समय पर नहीं पहुंचते तो कुत्ता उनकी जान भी ले सकता था। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है।

पुलिस ने शिकायत ली, बयान का इंतजार
अंकित के मुताबिक, पुलिस को मामले की शिकायत दी जा चुकी है। फिलहाल उनकी पत्नी शिफाली बयान देने की स्थिति में नहीं हैं और अस्पताल में उपचाराधीन हैं। पुलिस ने बताया कि महिला की हालत में सुधार होने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में भी चर्चा है। अंकित ने पुलिस से कुत्ते के मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि पालतू कुत्ते को इस तरह खुला छोड़ना गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी अगस्त में घुम्मन नगर में एक लड़की को कुत्ते के काटने का मामला सामने आ चुका है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद पालतू कुत्तों को लेकर सुरक्षा और जिम्मेदारी का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 0 6 8
Total Users : 400068
Total views : 645598

शहर चुनें