सफेद कार में सवार लोगों पर हथियार दिखाकर गाड़ी रुकवाने की कोशिश का आरोप, मुरथल थाना पुलिस कर रही मामले की जांच
बाबूगिरी न्यूज़
सोनीपत, 19 अक्तूबर। फिल्म निर्माता अमित जानी ने सोनीपत में कुछ लोगों द्वारा पीछा किए जाने और उन पर हमले की आशंका जताई है। अमित जानी के अनुसार, जम्मू से लौटते समय नेशनल हाईवे-352ए पर देवडू गांव के सामने सफेद कार में सवार कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि कार सवार लोगों ने हथियार दिखाकर उनकी गाड़ी रुकवाने का प्रयास किया। घटना के बाद अपनी जान को खतरा महसूस करते हुए अमित जानी पुलिस थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई।
जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। अमित जानी ने आरोप लगाया कि जब वह जम्मू से लौट रहे थे, तब कुछ लोगों ने उनका पीछा किया। सफेद कार में सवार लोगों की संदिग्ध गतिविधियों और हथियार दिखाए जाने की आशंका के चलते उन्होंने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद वह सुरक्षा के मद्देनजर कुंडली थाने पहुंचे।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
बताया जा रहा है कि फिल्म निर्माता अमित जानी को इससे पहले गैंगस्टर रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ की ओर से धमकियां मिल चुकी हैं। ऐसे में उन्होंने मौजूदा घटना को लेकर भी अपनी सुरक्षा पर चिंता जताई है। अमित जानी को भारत सरकार की ओर से वाई श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराई गई है।
कुंडली और मुरथल थाने में दी शिकायत
अमित जानी ने पहले कुंडली थाना और उसके बाद मुरथल थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी है। घटना के समय फिल्म निर्देशक भारत सिंह श्रीनेत समेत कई अन्य लोग भी उनकी गाड़ी में मौजूद थे।
फिलहाल मुरथल थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियों और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।













Total Users : 439905
Total views : 699154