कष्ट निवारण समिति की बैठक में आईं 7 शिकायतें, 5 का मौके पर निपटारा; एमडीसी सेक्टर-6 में अवैध रेहड़ी-फड़ी रोकने के लिए पुलिस अधिकारी की ड्यूटी लगाने के निर्देश
बाबूगिरी न्यूज़
पंचकूला, 21 अक्टूबर। हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने अवैध कब्जों से संबंधित शिकायतों पर सख्त रुख अपनाते हुए नगर परिषद कालका के कनिष्ठ अभियंता (जेई) और म्युनिसिपल इंजीनियर (एमई) को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री बुधवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में कुल सात शिकायतें रखी गईं, जिनमें से पांच का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जबकि दो अन्य शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
अवैध कब्जों की शिकायत पर अधिकारियों को नोटिस
गांव टगरा कली राम, तहसील कालका के एक निवासी ने शिकायत दी कि नगर परिषद कालका के अधीन गांव के आसपास की जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जे कर मकान, दुकानें और बाड़े बना रखे हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, बार-बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की।
शिकायतकर्ता ने जमीन की निशानदेही करवाकर अवैध कब्जे हटाने की मांग की। इस पर नगर परिषद के अधिकारी ने बताया कि संबंधित जमीन की पैमाइश करवाई जा चुकी है और वहां अवैध कब्जे पाए गए हैं। अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर कब्जे हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
मामले में अधिकारियों की भूमिका पर संज्ञान लेते हुए मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने जेई और एमई को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
अवैध कब्जे की जांच के लिए कमेटी गठित
गांव टगरा कली राम के वार्ड नंबर-29 के एक निवासी ने भी कुछ व्यक्तियों पर उनकी जमीन पर वर्षों से अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया। शिकायतकर्ता ने जमीन को कब्जामुक्त करवाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मंत्री ने मामले की जांच के लिए एसडीएम कालका की अध्यक्षता में कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। कमेटी में नायब तहसीलदार कालका के अलावा जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति के चार सदस्य भी शामिल होंगे। उन्होंने कमेटी को जल्द जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
पैतृक संपत्ति पर अदालत की सुनवाई तक नहीं होगा निर्माण
गांव ढंडारडू के एक निवासी ने 33 कनाल 17 मरले की पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर शिकायत दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है और अदालत ने संपत्ति के हस्तांतरण तथा निर्माण कार्य पर रोक लगाई हुई है। इसके बावजूद दूसरे पक्ष द्वारा आदेशों की अवहेलना किए जाने का आरोप लगाया गया।
मंत्री ने मामले का संज्ञान लेते हुए निर्देश दिए कि नवंबर में न्यायालय में होने वाली सुनवाई तक संबंधित भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण नहीं होने दिया जाए।
एमडीसी सेक्टर-6 में अवैध रेहड़ी-फड़ी पर लगेगी रोक
रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, एमडीसी सेक्टर-6 के अध्यक्ष ने सेक्टर की मुख्य सड़क पर भैंसा टिब्बा के सामने शाम के समय अवैध रूप से रेहड़ी-फड़ी लगाए जाने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि इससे सेक्टरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इस पर मंत्री ने निर्देश दिए कि मौके पर एचएसओ या निरीक्षक स्तर के पुलिस अधिकारी की ड्यूटी लगाई जाए। पुलिस अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि वहां अवैध रूप से रेहड़ी-फड़ी न लगाई जाए और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अंबेडकर भवन के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश
पिंजौर की रतपुर कॉलोनी के एक निवासी ने शामलात भूमि से अवैध कब्जा हटवाने के लिए कष्ट निवारण समिति और उसके अध्यक्ष कृष्ण लाल पंवार का आभार जताया। शिकायतकर्ता ने बताया कि वे इस भूमि पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन का निर्माण करवाना चाहते हैं।
इस पर मंत्री ने सुझाव दिया कि ग्राम पंचायत की ओर से इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर उपायुक्त को सौंपा जाए, ताकि इसे आवश्यक कार्रवाई के लिए सरकार के पास भेजा जा सके।
शिकायतों का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश
बैठक के बाद मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करना है। प्रयास किया जाता है कि बैठक में आने वाली शिकायतों का मौके पर ही निपटारा हो, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी शिकायत अनावश्यक रूप से लंबित न रहे।
बैठक में उपायुक्त सतपाल शर्मा, राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा, महापौर श्याम लाल बंसल और हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा पुलिस उपायुक्त अदिति सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य, नगर निगम आयुक्त विनय कुमार, एसडीएम पंचकूला मन्नत राणा, नगराधीश जागृति, नगर निगम की संयुक्त निदेशक सिमरनजीत कौर, विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति के गैर-सरकारी सदस्य भी उपस्थित रहे।













Total Users : 439777
Total views : 698991