दो हरियाणा कैडर के एचसीएस और एक डेनिक्स अधिकारी ने किया ज्वाइन, विभागों के बंटवारे को लेकर सचिवालय से राजभवन तक हलचल तेज
नगर निगम में पोस्टिंग को लेकर अधिकारियों की अलग-अलग राय, सेक्टर-26 मंडी के प्रशासक की जिम्मेदारी चंडीगढ़ कैडर के अधिकारी को देने की भी उठी मांग
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 21 अक्तूबर। चंडीगढ़ प्रशासन में आने वाले एक-दो दिनों में प्रशासनिक फेरबदल की सूची जारी होने की संभावना जताई जा रही है। पिछले दिनों डेपुटेशन पर आए तीन अधिकारियों के ज्वाइन करने के बाद अब उन्हें अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी सौंपे जाने का इंतजार है। इनमें दो हरियाणा कैडर के एचसीएस अधिकारी और एक डेनिक्स कैडर के अधिकारी शामिल हैं।
इन अधिकारियों को विभागों की जिम्मेदारी सौंपने के लिए पहले से विभिन्न विभागों का कार्यभार संभाल रहे अधिकारियों के बीच फेरबदल किया जा सकता है। ऐसे में प्रशासनिक गलियारों में संभावित तबादला सूची को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कई अधिकारी यूटी सचिवालय से लेकर राजभवन तक होने वाली गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं और यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि नई सूची कब जारी होगी।
नगर निगम में पोस्टिंग को लेकर असमंजस
प्रशासनिक फेरबदल को लेकर अधिकारियों के बीच नगर निगम में पोस्टिंग चर्चा का विषय बनी हुई है। सूत्रों के अनुसार, कई अधिकारी नगर निगम में तैनाती नहीं चाहते, जबकि जिला स्तर पर तैनात कुछ अधिकारी यूटी सचिवालय में जाने के इच्छुक नहीं बताए जा रहे हैं। वहीं, नगर निगम में तैनात दो अधिकारी निगम से बाहर दूसरे विभागों में जिम्मेदारी मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
इस बीच, कुछ अधिकारियों का मानना है कि प्रशासनिक व्यवस्था में कैडर के लिहाज से संतुलन बनाए रखने के लिए नगर निगम में भी डेनिक्स कैडर के अधिकारी की तैनाती होनी चाहिए। नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर अधिकारियों ने दलील दी कि जब प्रशासन के अन्य हिस्सों में अलग-अलग कैडर के अधिकारियों को जिम्मेदारियां दी जा रही हैं, तो नगर निगम में भी इसी तरह का संतुलन होना चाहिए।
सेक्टर-26 मंडी के प्रशासक की नियुक्ति पर भी चर्चा
संभावित प्रशासनिक फेरबदल के बीच सेक्टर-26 स्थित मंडी के प्रशासक की नियुक्ति को लेकर भी एक अलग मांग सामने आई है। कुछ अधिकारियों का सुझाव है कि इस पद पर डेपुटेशन से आए अधिकारी के बजाय चंडीगढ़ के अपने कैडर के किसी अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी जानी चाहिए। हालांकि, इस संबंध में अभी तक किसी आधिकारिक निर्णय की पुष्टि नहीं हुई है।
तबादला सूची पर टिकी निगाहें
तीन नए अधिकारियों को विभागों की जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद प्रशासन के कई विभागों में कार्यभार का समीकरण बदल सकता है। इसी कारण संभावित तबादला सूची को लेकर अधिकारियों में उत्सुकता बनी हुई है। सूत्रों के मुताबिक, सूची जारी होने में अभी एक-दो दिन का समय लग सकता है। हालांकि, अंतिम निर्णय चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से आधिकारिक आदेश जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
फिलहाल, प्रशासनिक फेरबदल को लेकर चर्चाएं जारी हैं और अधिकारियों की निगाहें नई सूची पर टिकी हुई हैं।













Total Users : 439777
Total views : 698991