रोटरी क्लब चंडीगढ़ के सहयोग से आयोजित शिविर में विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, मानव सेवा का दिया संदेश
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 18 नवंबर। पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ के मानव विज्ञान विभाग (एंथ्रोपोलॉजी) ने रोटरी क्लब चंडीगढ़ के सहयोग से 17 नवंबर को रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इस शिविर का उद्देश्य समाज में मानवता, सामाजिक जिम्मेदारी और स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। शिविर में लगभग 60 लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने के पुनीत कार्य में अपना योगदान दिया।
कार्यक्रम में पंजाब विश्वविद्यालय के अनुसंधान विकास प्रकोष्ठ (आरडीसी) की निदेशक प्रो. सविता, परीक्षा नियंत्रक प्रो. जगत भूषण, पंजाब विश्वविद्यालय परिसर छात्र परिषद (पीयूसीएससी) के महासचिव धयान सिंह, रोटरी क्लब चंडीगढ़ की अध्यक्ष टीना अरविंदर विर्क और मानव विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. जेएस सहरावत विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विभागाध्यक्ष डॉ. जेएस सहरावत ने अतिथियों और रक्तदाताओं का स्वागत करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और जरूरत के समय किसी व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान दूसरे व्यक्ति के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है।
शिविर में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन के माध्यम से युवाओं को स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व से अवगत कराने के साथ उन्हें सामाजिक और सामुदायिक कल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
रोटरी क्लब चंडीगढ़ की ओर से क्लब सर्विस प्रोजेक्ट चेयरपर्सन अरुण अग्रवाल, डॉ. मनीष राय, दिलप्रीत और संगीता ने आयोजन में सहयोग दिया। रोटरी क्लब के प्रतिनिधियों ने रक्तदाताओं के उत्साहवर्धन के लिए उपहार सामग्री भी भेंट की।
शिविर का आयोजन मानव विज्ञान विभाग की प्रतिनिधि गौरी शर्मा और उत्कर्ष कालिया के नेतृत्व एवं समन्वय में किया गया। विभाग की अन्य टीम के सदस्यों ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में मानव विज्ञान विभाग ने रक्तदाताओं, अतिथियों, रोटरी क्लब चंडीगढ़, चिकित्सा दल, शिक्षकों, विद्यार्थियों और सभी स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। आयोजन के माध्यम से संदेश दिया गया कि रक्तदान का एक छोटा-सा प्रयास किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है और मानवता की सेवा करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।













Total Users : 458324
Total views : 724784