October 12, 2026 12:33 pm

October 12, 2026 12:33 pm

AAP सरपंच जरमल सिंह हत्याकांड: दोनों शूटर समेत 7 आरोपी गिरफ्तार, विदेश से रची गई थी साजिश — डीजीपी

अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच जरमल सिंह की हत्या के मामले में पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल दोनों शूटरों सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सोमवार को पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से दो को छत्तीसगढ़ के रायपुर, दो को मोहाली और तीन को तरनतारन से पकड़ा गया है। रायपुर से गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुखराज सिंह (निवासी तरनतारन) और कर्मजीत सिंह (निवासी गुरदासपुर) के रूप में हुई है। इन्हीं दोनों ने सरपंच जरमल सिंह पर गोलियां चलाई थीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने जोबनजीत सिंह नाम के दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। इसके अलावा सोमवार सुबह कुलविंदर सिंह किंदा, अरमानदीप सिंह और हरदीप सिंह को भी गिरफ्तार किया गया। डीजीपी ने बताया कि रायपुर से पकड़े गए दोनों मुख्य आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश कर 14 दिन के ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया है और उन्हें हवाई मार्ग से पंजाब लाया जा रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीजीपी ने यह भी खुलासा किया कि इस हत्या की साजिश विदेश में बैठे एक हैंडलर ने रची थी। उन्होंने बताया कि गैंगस्टर प्रभ दासुवाल और सरपंच जरमल सिंह के बीच पुरानी रंजिश थी, जिसके चलते इस मर्डर को अंजाम दिया गया। पुलिस इस अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क की भी गहराई से जांच कर रही है।
डीजीपी गौरव यादव ने कड़े शब्दों में कहा, “जो भी पंजाब में गोली चलाने की हिम्मत करेगा, उसे पंजाब पुलिस देश-विदेश कहीं भी नहीं छोड़ेगी।” उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गौरतलब है कि तरनतारन निवासी सरपंच जरमल सिंह की 4 जनवरी को अमृतसर में उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वे एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। वारदात के बाद दोनों शूटर फरार होकर छत्तीसगढ़ के रायपुर पहुंच गए थे, जहां वे अपने रिश्तेदारों के घर छिपे हुए थे। रविवार को पंजाब और रायपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल, पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और इस हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 1 4 2
Total Users : 429142
Total views : 684348

शहर चुनें