November 23, 2026 7:53 am

November 23, 2026 7:53 am

बाबूगिरी हिंदी डॉट कॉम पर  ट्राईसिटी, हरियाणा और पंजाब की ताज़ा खबरें पढ़ें।

गुरु साहिबान की शिक्षाएं समाज को एकता, सेवा, त्याग और सद्भाव का संदेश देती हैं : नायब सिंह सैनी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उदासी ब्रह्म अखाड़ा साहिब में वार्षिक जोड़ मेले में की शिरकत, गुरु नानक देव जी और बाबा श्री चंद जी के प्रकाश पर्व पर किया नमन
 
युवाओं को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गुरु साहिबान की शिक्षाओं से जोड़ना हम सभी का दायित्व
 
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के पात्र बुजुर्गों को करवाई जा रही है निशुल्क तीर्थ यात्रा
 
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़, 21 नवंबर।   हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी महाराज ने पूरी मानवता को ‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ का अनमोल संदेश दिया है। उनके बड़े साहिबजादे बाबा श्री चंद जी महाराज ने त्याग और साधना का मार्ग अपनाकर समाज को आध्यात्मिक दिशा प्रदान की। गुरु साहिबान की शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गुरु साहिबान की शिक्षाओं से जोड़ना हम सभी का दायित्व है, क्योंकि जो समाज अपने इतिहास को जानता है, वही अपने भविष्य का निर्माण कर सकता है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को कुरुक्षेत्र के लाडवा में उदासीन श्री ब्रहम् अखाड़ा साहिब मांडी में बाबा श्री चन्द महाराज के 532वें प्रकाश उत्सव पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब की हजूरी में पहुंच कर माथा टेका। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा को उदासीन श्री ब्रहम अखाड़ा साहिब के संस्थापक बाबा गुरविन्दर सिंह महाराज ने सरोपा पहनाकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मानवता के महान सेवक बाबा श्री चन्द महाराज के 532वें प्रकाश उत्सव की सबको हार्दिक बधाई दी और बाबा श्री चन्द महाराज के चरणों में श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज के दौर में जब समाज अनेक चुनौतियों से गुजर रहा है और मनुष्य भौतिकता की दौड़ में उलझा हुआ है, ऐसे समय में गुरु साहिबान की शिक्षाओं को आत्मसात करना पहले से कहीं अधिक जरूरी हो गया है। श्री गुरु नानक देव जी ने पूरी मानवता को एक ओंकार का संदेश दिया, जबकि श्री गुरु तेग बहादुर जी ने दूसरे धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। इन महान गुरुओं का जीवन हमें सिखाता है कि सत्य, सेवा और सहनशीलता ही समाज को एकजुट रखने के आधार हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरु साहिबान के प्रकाश पर्वों और शहादत दिवसों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और पहचान दिलाने के लिए सराहनीय प्रयास किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 जनवरी 2017 को पटना साहिब में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 350वें प्रकाश पर्व में शिरकत की। इसी तरह 9 नवंबर 2019 को करतारपुर साहिब कॉरिडोर का उद्घाटन किया। श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व पर लाल किले में स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी किए गए। इसके साथ ही साहिबजादों की शहादत को सम्मान देने के लिए 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बाबा श्री चंद जी महाराज ने अपने जीवन से यह संदेश दिया कि त्याग और साधना का मार्ग भी समाज सेवा का मार्ग है। गुरु साहिबान को याद करना केवल इतिहास को नमन करना नहीं है, बल्कि वर्तमान पीढ़ी को आपसी सम्मान, भाईचारे और मानवता का पाठ पढ़ाना भी है। सबका सम्मान ही सबकी तरक्की की नींव है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने भी गुरु साहिबान के प्रकाश पर्वों और शहीदी दिवसों को हमेशा श्रद्धा और सम्मान के साथ राज्य स्तर पर मनाया है। वर्ष 2017 में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का 350वां प्रकाश पर्व, वर्ष 2019 में श्री गुरु नानक देव जी का 550वां प्रकाश पर्व तथा वर्ष 2022 में पानीपत में श्री गुरु तेग बहादुर जी का 400वां प्रकाश पर्व राज्य स्तरीय समारोह के रूप में आयोजित किया गया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर करनाल में ‘हिंद की चादर’ मैराथन आयोजित की गई और बड़ा खालसा में राज्य स्तरीय समारोह हुआ। कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में 25 नवंबर को विशाल समागम आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शिरकत की। इसी प्रकार प्रत्येक वर्ष 26 दिसंबर को साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह जी की शहादत को राज्य स्तर पर श्रद्धापूर्वक याद किया जाता है। वर्ष 2024 में कुरुक्षेत्र तथा वर्ष 2025 में पंचकूला में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुनानगर के ऐतिहासिक कपालमोचन में 20 नवंबर से पांच दिवसीय मेला शुरू हुआ है। यह मेला कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर कपालमोचन, ऋणमोचन और सूरजकुंड सरोवरों में स्नान की प्राचीन परंपरा से जुड़ा हुआ है। इस मेले में पंजाब, हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं।  श्री गुरु नानक देव जी और श्री गुरु गोबिंद सिंह जी भी इस पावन स्थल पर पधारे थे।   श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक स्थलों की यात्रा को सुलभ बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत हरियाणा के 60 वर्ष और इससे अधिक आयु के पात्र वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क तीर्थ यात्रा की सुविधा प्रदान की जा रही है। इस योजना में रेल यात्रा के साथ भोजन और ठहरने की व्यवस्था भी शामिल है, ताकि बुजुर्ग श्रद्धालु बिना किसी आर्थिक परेशानी के तीर्थ स्थलों के दर्शन कर सकें।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज का यह पावन समागम हमें सेवा, सादगी, त्याग और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए सभी सेवादारों, प्रबंधकों और संत समाज का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने वाहेगुरु जी से अरदास की कि इस मेले के माध्यम से संपूर्ण मानवता में प्रेम, सेवा, भाईचारे और एकता का प्रकाश फैले।

इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, राजनीतिक सलाहकार भारत भूषण भारती, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, उदासीन श्री ब्रहम अखाड़ा साहिब के संस्थापक बाबा गुरविन्दर सिंह महाराज, जिप चेयरपर्सन कंवलजीत कौर  सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति व साध संगत मौजूद रही।
सिरसा के कालांवाली में कल होगी यूथ मैराथन

– मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी दिखाएंगे झंडी

– 1 लाख 40 हजार 716 पंजीकरण के साथ मैराथन को लेकर युवाओं में भारी उत्साह

– मैराथन के ब्रांड एंबेसडर पद्मश्री एवं पूर्व हॉकी खिलाड़ी सरदार सिंह रहेंगे मौजूद

– 10 व 21 किलोमीटर के विजेताओं को दिए जाएंगे नकद पुरस्कार व मेडल

बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़ , 21 नवंबर – नशे के खिलाफ जन-जागरूकता का संदेश देने और युवाओं को खेलों एवं स्वस्थ जीवन शैली के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से सिरसा जिला के कालांवाली में कल 22 नवंबर को यूथ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इस मैराथन को हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी प्रात: 6 बजे झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। मैराथन के लिए कुल 1 लाख 40 हजार 716 पंजीकरण हुए हैं।

एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इस मैराथन के ब्रांड एंबेसडर पद्मश्री एवं पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान सरदार सिंह भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान रॉकस्टार एमडी, एमपी अटवाल एवं उनकी टीम सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगी।

उन्होंने बताया कि 5 किलोमीटर की रन फॉर फन के प्रतिभागी परशुराम चौक से होते हुए बाईपास रोड पर पहुंचेंगे। यहां से नायरा पेट्रोल पंप के आगे से थाना रोड होते हुए मेन रोड पर पहुंचेंगे। इसके बाद धावक ओवरब्रिज के नीचे से रेलवे लाइन के पास फाटक की ओर जाने वाले मार्ग से होते हुए वापस अनाज मंडी पहुंचेंगे।

इसी प्रकार, 10 किलोमीटर दौड़ के प्रतिभागी मुख्य आयोजन स्थल से रवाना होकर परशुराम चौक होते हुए बाईपास रोड से नायरा पेट्रोल पंप के सामने से थाना रोड से ओवरब्रिज के ऊपर से होते हुए इसी मार्ग पर तारूआना गांव से 200 मीटर आगे से यू टर्न लिया जाएगा और इस दौड़ का कालांवाली में ओवरब्रिज से पहले समापन होगा।

उन्होंने आगे बताया कि 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन के धावक मुख्य आयोजन स्थल से परशुराम चौक होते हुए बाईपास रोड, नायरा पेट्रोल पंप के आगे से थाना रोड के रास्ते मैन रोड  पर आएंगे, यहां से ओवर ब्रिज के ऊपर से होते हुए कुरंगावाली गांव के पास (वृक्ष नंबर 142) से वापिस यू-टर्न लेंगे। 10 व 21 किलोमीटर की श्रेणियां की दौड़ का ओवर ब्रिज से पहले ही फिनिश पॉइंट रखा गया है जहां पर टीम उन्हें रिसीव करेगी।

प्रवक्ता यह भी बताया कि कालांवाली यूथ मैराथन में 21 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की दौड़ के लिए ओवरऑल श्रेणियों के साथ-साथ अलग-अलग आयु वर्गों में भी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें 21 किलोमीटर की ओवरऑल श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 50 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 37,500 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसी प्रकार 10 किलोमीटर की ओवरऑल श्रेणी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमश: 25 हजार, 15 हजार और 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि आयु वर्ग के अनुसार अंडर-18, 18 से 45 वर्ष, 45 से 60 वर्ष तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए भी पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। इन सभी आयु वर्गों में 21 किलोमीटर दौड़ के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को क्रमश: 10 हजार, 7,500 और 5 हजार रुपये दिए जाएंगे। वहीं, 10 किलोमीटर दौड़ में आयु वर्ग के अनुसार प्रथम स्थान पर 7,500 रुपये, द्वितीय स्थान पर 5 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर 3 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
बास्केटबॉल टीम का ट्रायल आज

बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़ , 21 नवंबर –  आगामी 11 से 22 दिसम्बर तक खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 का आयोजन तेलगांना में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में हरियाणा राज्य की ओर से भाग लेने वाली बास्केटबॉल टीम का चयन ट्रायल के आधार पर 22 नवंबर को करनाल के कर्ण स्टेडियम में किया जाएगा। इच्छुक खिलाड़ी रविवार को कर्ण स्टेडियम में ट्रायल में प्रतिभागिता कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए खिलाड़ी भारत सरकार की वेबसाईट खेलो इंडिया पर विजिट कर सकते हैं।
प्रदेश का सबसे बड़ा आधुनिक विश्राम गृह 120 करोड़ रुपये की लागत से कुरुक्षेत्र में बनेगा : नायब सिंह सैनी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ब्रह्मसरोवर के निकट 3 एकड़ में पर्यटक पुलिस थाना बनाने की घोषणा की

अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं के लिए लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से खरीदे गए 26 रिकवरी वैन व कमांड एंड कंट्रल वाहनों को हरी झंडी दिखा प्रदेश के लिए किया रवाना

बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़, 21 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र में 120 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला विश्राम गृह प्रदेश का सबसे बड़ा आधुनिक विश्राम गृह  होगा। साथ ही उन्होंने ब्रह्मसरोवर के निकट ही पर्यटक पुलिस थाना भी जल्द ही खोले जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि  पर्यटक पुलिस थाना का निर्माण 3 एकड़ में किया जाएगा। थाने में 100 पुलिसकर्मी एवं सहायक स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी। इन्हें विशेष रूप से व्यवहार कौशल, सांस्कृतिक संवेदनशीलता और विभिन्न भाषाओं का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी शनिवार को ब्रह्मसरोवर के पश्चिम तट पर करीब साढ़े छह एकड़ में बनने वाले आधुनिक विश्राम गृह के शिलान्यास कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विश्राम गृह का भूमि पूजन किया गया है।  इसके उपरांत हरियाणा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से खरीदे गए 26 रिकवरी वैन एवं कमांड एंड कंट्रोल वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया। इस दौरान गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, पूर्व राज्यमंत्री श्री सुभाष सुधा भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को वित्तायुक्त डॉ सुमिता मिश्रा और पीडब्ल्यू (बी एंड आर) विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री एके सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा में मर्यादा, मार्गदर्शन और महाभारत की अमर गाथा समाहित है। यहां रखी जाने वाली हर नींव केवल ईंट और सीमेंट की नींव नहीं होती, बल्कि उसमें आस्था, संकल्प और जनसेवा का भाव जुड़ा होता है। उन्होंने कहा कि इन दोनों परियोजनाओं के माध्यम से कुरुक्षेत्र के विकास और प्रदेश की आपातकालीन सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसके लिए वे कुरुक्षेत्र सहित पूरे हरियाणा के नागरिकों को बधाई देते हैं।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में  औद्योगिक गतिविधियां बढ़ रही हैं और ऊंची-ऊंची इमारतों का निर्माण हो रहा है। ऐसे में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की चुनौतियां भी बदल रही हैं। इन चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए खरीदे गए नए वाहन छोटे और बहुउपयोगी हैं।

उन्होंने बताया कि इन वाहनों में पोर्टेबल पंप, ब्रीदिंग अपरेटस और लाइटिंग टावर जैसे जरूरी उपकरण उपलब्ध होंगे। बड़े हादसों के दौरान ये वाहन मौके पर कमांड एवं कंट्रोल की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। इससे राहत कार्यों में तेजी आएगी और जान-माल के नुकसान को रोकने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने अग्निशमन कर्मियों के साहस और समर्पण की सराहना भी की।

उन्होंने कहा कि ब्रह्मसरोवर के पश्चिमी तट पर बनने वाला आधुनिक लोक निर्माण विश्राम गृह लगभग दो लाख वर्ग फुट क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के तहत तीन भवनों का निर्माण होगा। इनमें पांच मंजिला मुख्य विश्राम गृह, कर्मचारियों एवं चालकों के लिए अलग विश्राम गृह तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए छह आवासीय क्वार्टर शामिल हैं। विश्राम गृह में आरामदायक कमरे, सम्मेलन कक्ष, कमेटी रूम, बहुउद्देशीय हॉल, रेस्टोरेंट, कैफेटेरिया, वेलनेस सेंटर और रूफटॉप डाइनिंग जैसी सुविधाएं होंगी। इसके बेसमेंट में लगभग 40 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को 24 माह में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

सरकार ने पिछले 12 वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य और आधुनिक आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में दिलाई नई पहचान

मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र सदियों से आस्था और आध्यात्मिकता की नगरी रहा है। पिछले 12 वर्षों में सरकार ने इसे धार्मिक पहचान के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और आधुनिक आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में भी नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि देश का पहला आयुष विश्वविद्यालय श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र में स्थापित है। उत्तर भारत का पहला राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान उमरी में बनाया गया है। रोहतक के बाद देश का दूसरा एलिवेटेड रेलवे ट्रैक कुरुक्षेत्र में लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने 17 जुलाई को इसका लोकार्पण किया, जिससे शहर के पांच रेलवे फाटक हमेशा के लिए समाप्त हो गए और लोगों को बड़ी राहत मिली।

उन्होंने कहा कि गीता जयंती को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए हरियाणा अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती मेला प्राधिकरण का गठन किया गया है। इसके अलावा कुरुक्षेत्र के यातायात को सुगम बनाने के लिए 28 किलोमीटर लंबा बाईपास भी बनाया जाएगा। इसकी मंजूरी मिल चुकी है। यह बाईपास कैथल रोड से शुरू होकर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 को पार करते हुए मथाना के पास कुरुक्षेत्र-यमुनानगर रोड से जुड़ेगा।

कुरुक्षेत्र को विश्वस्तरीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित कर रही है सरकार

मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज पूरा देश अपनी गौरवशाली विरासत पर गर्व कर रहा है। सोमनाथ, काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर, उज्जैन का महाकाल लोक और सागर में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी का भव्य स्मारक इसी सांस्कृतिक गौरव के प्रतीक हैं। इसी भावना के साथ प्रदेश सरकार कुरुक्षेत्र को विश्वस्तरीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का मंत्र आस्था के साथ सुविधा, पर्यटन के साथ रोजगार और विरासत के साथ विकास है। जब कुरुक्षेत्र में अधिक संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आएंगे तो होटल संचालकों, दुकानदारों, छोटे व्यापारियों, टैक्सी एवं ऑटो चालकों, हस्तशिल्पियों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। कुरुक्षेत्र का विकास यहां के प्रत्येक परिवार की खुशहाली से जुड़ा हुआ है।

कुरुक्षेत्र का भाव व आकर्षण विश्वभर में बढ़ा : ज्ञानानंद महाराज

गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि विश्व में कुरुक्षेत्र का भाव व आकर्षण बढ़ा है। इसमें अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सवों की अहम भूमिका रही है। कुरुक्षेत्र का गीता उपदेश के अलावा पौराणिक महत्व रहा है। अब गीता जयंती पर 40 लाख से 50 लाख तक श्रद्घालु पहुंचे रहते हैं। ऐसा में गीता स्थली कुरुक्षेत्र विश्वभर में आकर्षण का केंद्र बना है। जिसको देखते हुए कुरुक्षेत्र को ऐसे विशाल रेस्टहाउस की जरुरत थी, रेस्ट हाउस कुरुक्षेत्र के लिए बड़ा उपहार साबित होगा।

इस मौके पर वित्त आयुक्त डॉ सुमिता मिश्रा, पीडब्ल्यू (बी एंड आर) विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव  एके सिंह, पूर्व राज्यमंत्री  सुभाष सुधा, उपायक्त  विश्राम कुमार मीणा,  चेयरमैन  रविंद्र सांगवान, चेयरमैन  गुरनाम सिंह सैनी, चेयरमैन  सुभाष कलसाना, सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
 

5 से 25 दिसंबर तक कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव होगा आयोजित – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

पहली बार दिल्ली और पश्चिम बंगाल होंगे सहयोगी राज्य, मॉरीशस के राष्ट्रपति 14 दिसंबर को करेंगे महोत्सव का विधिवत शुभारंभ

16 दिसंबर को ज्योतिसर में होगा ‘पाञ्चजन्य-2026 अफ्रीका-हरियाणा कॉन्क्लेव’, व्यापार एवं औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं पर होगा मंथन

70 से अधिक देशों के विद्यार्थियों को गीता महोत्सव से जोड़ेगा आई सीसीआर, 90 से अधिक देशों में होंगे महोत्सव के कार्यक्रम

20 दिसंबर को 27 हजार विद्यार्थियों की प्रत्यक्ष सहभागिता तथा 1 लाख से अधिक विद्यार्थियों के ऑनलाइन जुड़ाव से होगा गीता का वैश्विक पाठ

22 दिसंबर को ‘बलराम’ कुश्ती दंगल का आयोजन किया जाएगा

बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़, 21 नवंबर- हरियाण के धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र की पावन भूमि पर 5 दिसंबर से 25 दिसंबर तक 11वें अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में संस्कृति, ज्ञान और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। इस वर्ष पहली बार दिल्ली और पश्चिम बंगाल सहयोगी राज्य की भूमिका में रहेंगे। वहीं, मॉरीशस के राष्ट्रपति  धरमबीर गोखूल 14 दिसंबर को ब्रह्मसरोवर पर गीता यज्ञ एवं पूजन के साथ महोत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह जानकारी शनिवार को कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के आयोजन को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल के राज्य मंत्री  उमेश राय, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज और पूर्व राज्य मंत्री  सुभाष सुधा भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र की इस पावन भूमि पर सरस्वती के तटों पर वेदों, उपनिषदों और पुराणों की रचना हुई तथा इसी भूमि को श्रीमद्भगवद्गीता की जन्मस्थली होने का विशेष सौभाग्य प्राप्त हुआ। कुरुक्षेत्र की युद्धभूमि में मोहग्रस्त अर्जुन को भगवान श्रीकृष्ण द्वारा श्रीमद्भगवद्गीता का जो शाश्वत उपदेश दिया गया था, इस वर्ष उस उपदेश को दिए हुए 5164 वर्ष हो जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में कुरुक्षेत्र आगमन के दौरान कुरुक्षेत्र को गीता स्थली के रूप में पहचान दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही थी। उनसे प्रेरणा प्राप्त कर वर्ष 2016 में कुरुक्षेत्र में गीता महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाने की शुरुआत की गई। पिछले 10 वर्षों में इस महोत्सव को अपार सफलता और लोकप्रियता मिली है। मॉरीशस, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, इंडोनेशिया और जापान समेत अन्य देशों में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का भव्य आयोजन हो चुका है।

पहली बार दिल्ली और पश्चिम बंगाल होंगे सहयोगी राज्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में पहली बार दिल्ली और पश्चिम बंगाल सहयोगी राज्य की भूमिका में रहेंगे। दोनों प्रदेशों द्वारा पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक पैवेलियन स्थापित किया जाएगा, जहां पर्यटक एवं श्रद्धालु इन राज्यों की संस्कृति, शिल्प और खान-पान से परिचित हो सकेंगे।

5 दिसंबर को शिल्प एवं सरस मेले से होगा महोत्सव का आगाज़

मुख्यमंत्री ने बताया कि महोत्सव का आगाज़ 5 दिसंबर को ब्रह्मसरोवर के तट पर विशाल शिल्प एवं सरस मेले से होगा। यह मेला 25 दिसंबर तक कुल 21 दिन चलेगा। इसमें राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकारों एवं शिल्पकारों का संगम देखने को मिलेगा। 4 दिसंबर को ज्योतिसर से सरस्वती सेतु, पीपली तक विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से गीता सद्भावना यात्रा निकाली जाएगी। 5 दिसंबर को गीता रन का आयोजन भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 14 दिसंबर को मॉरीशस के राष्ट्रपति  धरमबीर गोखूल ब्रह्मसरोवर पर गीता यज्ञ एवं पूजन के साथ अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इसी दिन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय गीता संगोष्ठी का शुभारंभ होगा। इसमें देश-विदेश के गीता मर्मज्ञ, विद्वान एवं शोधार्थी ऑनलाइन माध्यम से भी अपने शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के माध्यम से 16 देशों के 20 विद्वान इस संगोष्ठी में भाग लेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेश मंत्रालय के माध्यम से 90 से अधिक देशों में गीता महोत्सव के कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके अलावा अन्य देशों में भी महोत्सव का लाइव प्रसारण किया जाएगा। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के अतिरिक्त एनआईडी तथा आयुष विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र द्वारा भी 14 दिसंबर से 20 दिसंबर तक अपने-अपने संस्थानों में गीता सेमिनार आयोजित किए जाएंगे।

संत सम्मेलन, देवस्थानम सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे मुख्य आकर्षण

मुख्यमंत्री ने बताया कि 7 दिसंबर से 13 दिसंबर तक गीता ज्ञानम् संस्थान में कथा का आयोजन किया जाएगा। 13 दिसंबर को कुरुक्षेत्र मेले में संत सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें देश के प्रख्यात संत गीता एवं अध्यात्म विषय पर चर्चा करेंगे। इसी प्रकार 18 और 19 दिसंबर को अखिल भारतीय देवस्थानम सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें भारतवर्ष की विभिन्न संस्थाओं के प्रमुखों सहित 20 से अधिक देशों के संत भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि 5 दिसंबर से 25 दिसंबर तक ब्रह्मसरोवर के पावन तट पर भव्य भजन संध्या एवं गीता महाआरती का आयोजन होगा। 10 दिसंबर से 20 दिसंबर तक 48 कोस कुरुक्षेत्र भूमि के तीर्थों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 14 दिसंबर से 20 दिसंबर तक प्रतिदिन ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग में गीता, महाभारत एवं श्रीकृष्ण विषय पर आधारित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

उन्होंने कहा कि गीता जयंती के अवसर पर 20 दिसंबर को ज्योतिसर तीर्थ पर गीता यज्ञ, गीता पाठ एवं भागवत कथा का आयोजन होगा। इसी दिन थीम पार्क, कुरुक्षेत्र में 27 हजार विद्यार्थियों की प्रत्यक्ष सहभागिता तथा 1 लाख से अधिक विद्यार्थियों के ऑनलाइन जुड़ाव से गीता का वैश्विक पाठ किया जाएगा। इसमें देश-विदेश से लाखों गीता प्रेमी एवं श्रद्धालु ऑनलाइन माध्यम से भी जुड़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 8 दिसंबर को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में 48 कोस तीर्थ सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें कुरुक्षेत्र भूमि की 182 तीर्थ समितियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। 20 दिसंबर को गीता जयंती के दिन कुरुक्षेत्र भूमि के सभी 182 तीर्थों पर दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसी दिन गीता शोभायात्रा भी निकाली जाएगी, जिसमें नगर की विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाएं भाग लेंगी।

ऑनलाइन गीता प्रश्नोत्तरी और विद्यार्थियों के लिए होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अवसर पर 22 नवंबर से 4 दिसंबर तक ऑनलाइन गीता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें विद्यार्थियों सहित आम लोग भी भाग ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि 17 से 19 दिसंबर तक सन्निहित सरोवर एवं ब्रह्मसरोवर पर विद्यार्थियों के लिए गीता श्लोकोच्चारण, भाषण, निबंध लेखन, चित्रकला, रंगोली और क्राफ्ट सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

इसके अलावा, हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी ब्रह्मसरोवर पर 14 दिसंबर से 25 दिसंबर तक गीता पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के प्रमुख प्रकाशक शामिल होंगे। पुरुषोत्तमपुरा बाग में 14 दिसंबर से 25 दिसंबर तक हरियाणा के विकास एवं उन्नति को दर्शाती प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इनमें सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और क्षेत्र विशेष में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा विभिन्न धार्मिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा भी प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि महोत्सव में 18 से अधिक देशों के 60 शिल्पकार अपनी शिल्पकला का प्रदर्शन करेंगे। विभिन्न भाषाओं में गीता के संस्करणों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। महोत्सव में हरियाणा की संस्कृति, शिल्प और खान-पान से संबंधित हरियाणा पैवेलियन भी बनाया जाएगा। इसके माध्यम से पर्यटक एवं तीर्थयात्री प्रदेश की समृद्ध संस्कृति से रूबरू होंगे। इसके अलावा 22 दिसंबर को ‘बलराम’ कुश्ती दंगल का आयोजन किया जाएगा।

हरियाणा के सभी जिलों में 18 से 20 दिसंबर तक होंगे गीता महोत्सव के कार्यक्रम

मुख्यमंत्री ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के कार्यक्रम हरियाणा के सभी जिला मुख्यालयों पर 18 से 20 दिसंबर तक आयोजित किए जाएंगे। 20 दिसंबर को सभी जिला मुख्यालयों में गीता शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसी दिन सभी जिलों में 1800 विद्यार्थियों द्वारा गीता का वैश्विक पाठ किया जाएगा। प्रदेश के सभी जिलों में ग्राम पंचायतों द्वारा अपने तीर्थों पर सायंकाल दीपोत्सव भी मनाया जाएगा।

पहली बार भारतीय वायु सेना तथा इसरो द्वारा पुरुषोत्तमपुरा बाग में लगाई जाएंगी प्रदर्शनियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में कई विशेष एवं नए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विदेश मंत्रालय के माध्यम से इंडियन काउंसिल फॉर कल्चरल रिलेशंस (आईसीसीआर) पहली बार विशेष प्रदर्शनी लगाएगा तथा 70 से अधिक देशों के विद्यार्थियों को भी गीता महोत्सव से जोड़ेगा। आईसीसीआर के माध्यम से इंडोनेशिया, स्लोवाकिया तथा पांच अन्य देशों के विद्यार्थियों के समूह गीता पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने बताया कि भारतीय वायु सेना तथा इसरो द्वारा भी पुरुषोत्तमपुरा बाग में प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। केंद्रीय विद्यालयों एवं जवाहर नवोदय विद्यालयों के 1800 विद्यालयों के 15 लाख से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता से गीता पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त महात्मा बुद्ध पर एक अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी भी आयोजित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 19 दिसंबर को ज्योतिसर में आयोजित होने वाले सेमिनार में 12 अफ्रीकी देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। हरियाणा के सभी 143 खंडों में स्थित प्रमुख मंदिरों में एक दिवसीय गीता महोत्सव आयोजित किया जाएगा। 2 दिसंबर से 19 दिसंबर तक ज्योतिसर से गीता ज्योति यात्रा निकाली जाएगी, जो सभी 182 तीर्थों को कवर करेगी। ज्योतिसर तीर्थ पर प्रतिदिन आरती, लाइट एंड साउंड शो तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

16 दिसंबर को ज्योतिसर में होगा ‘पाञ्चजन्य-2026 अफ्रीका-हरियाणा कॉन्क्लेव’

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव हमारी संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत के उत्सव के साथ-साथ दुनिया के साथ संवाद और संबंध मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। इसी उद्देश्य से 16 दिसंबर को ज्योतिसर में ‘पाञ्चजन्य-2026 अफ्रीका-हरियाणा कॉन्क्लेव’ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कॉन्क्लेव में अफ्रीका महाद्वीप के प्रतिनिधियों, प्रदेश में काम कर रहे अनेक उद्योगपतियों, विश्व में काम कर रहे भारतीय उद्योगपतियों तथा इंडस्ट्री एसोसिएशनों सहित सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ अफ्रीका के देशों और हरियाणा के बीच व्यापार एवं सहयोग की संभावनाओं पर बातचीत होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार का विदेश सहयोग विभाग विभिन्न देशों से संपर्क और सहयोग बढ़ाने के लिए काम कर रहा है। इस वर्ष महोत्सव में दुनिया के सभी देशों के प्रतिनिधियों और विशेष रूप से अफ्रीका महाद्वीप के देशों के राजदूतों को आमंत्रित किया जा रहा है। इन राजदूतों को भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के माध्यम से आमंत्रित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हरियाणा के उद्योगपतियों को दुनिया के अलग-अलग देशों में नए अवसर उपलब्ध करवाना है, ताकि वे वहां के उद्योगों और संस्थानों के साथ संपर्क स्थापित कर अपना कारोबार आगे बढ़ा सकें।

मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में सहभागिता के लिए समस्त हरियाणावासियों एवं देशवासियों का आह्वान किया।

अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में पश्चिम बंगाल निभाएगा सक्रिय भागीदारी, हरियाणा सरकार के साथ मिलकर करेगा आयोजन – पश्चिम बंगाल के राज्य मंत्री उमेश राय

पश्चिम बंगाल के राज्य मंत्री  उमेश राय ने कहा कि आज उनका सौभाग्य है कि उन्हें पश्चिम बंगाल की पावन माटी से धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र की इस पवित्र भूमि पर आने का अवसर मिला है, जहां से पूरे विश्व को धर्म, कर्तव्य और जीवन जीने का मूलमंत्र मिला। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की धरती सदैव से उपासना और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र रही है। श्री उमेश राय ने कहा कि पश्चिम बंगाल में आयोजित हो रहे सामूहिक गीता पाठ का सामाजिक और सांस्कृतिक प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। वर्ष 2024 में कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पहली बार लाखों लोगों की सहभागिता से सामूहिक गीता पाठ का भव्य आयोजन किया गया। गत वर्ष इस आयोजन में सात लाख से अधिक लोगों ने एक साथ गीता पाठ कर सनातन संस्कृति के प्रति अपनी आस्था और प्रतिबद्धता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र की इस पावन धरा पर आकर उन्हें अत्यंत गौरव और आध्यात्मिक अनुभूति हो रही है। आज यहां व्यापक विकास, भव्य सजावट और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को देखकर वे अभिभूत हैं। विशेष रूप से यहां स्थित संग्रहालय में भारतीय सभ्यता, संस्कृति और प्राचीन विरासत को आधुनिक तकनीक के माध्यम से जिस प्रकार प्रदर्शित किया गया है, वह सराहनीय है और आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के आयोजन में पश्चिम बंगाल, हरियाणा सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएगा।

अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव बना वैश्विक आध्यात्मिक चेतना का सशक्त माध्यम – स्वामी ज्ञानानंद महाराज

गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव अब केवल कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाला एक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं रह गया है, बल्कि यह विश्वभर में गीता के संदेश, भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना को पहुंचाने का एक सशक्त वैश्विक माध्यम बन चुका है। जिस प्रकार कुंभ में शारीरिक रूप से सीमित संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन उससे करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी होती है, उसी प्रकार अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के साथ भी देश-विदेश के करोड़ों लोगों की भावनाएं जुड़ रही हैं। आज विश्व के अनेक देशों में कुरुक्षेत्र, श्रीमद्भगवद्गीता और गीता महोत्सव की चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव केवल 21 दिनों के आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका प्रभाव पूरे वर्ष और विश्वभर में महसूस किया जा रहा है। आस्था, पर्यटन और गीता के सार्वभौमिक संदेश को जाति, वर्ग, वर्ण और रंग के भेदभाव से ऊपर उठकर जन-जन तक पहुंचाने में इस महोत्सव की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के माध्यम से कुरुक्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में निरंतर वृद्धि हुई है। अब विश्व के अनेक देशों के लोग कुरुक्षेत्र को एक पवित्र तीर्थस्थल के साथ-साथ ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण दर्शनीय स्थल के रूप में देखने के लिए पहुंच रहे हैं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 6 0 2 3 4
Total Users : 460234
Total views : 727411

शहर चुनें