5वें कौशल दीक्षांत समारोह में युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का संदेश, आधुनिक तकनीक और स्वरोजगार अपनाने पर दिया जोर
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़, 21 नवंबर। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने शनिवार को सेक्टर-28 स्थित सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में आयोजित 5वें कौशल दीक्षांत समारोह-2026 में 498 सफल प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया। इनमें वर्ष 2024-26 बैच के 10 ट्रेडों के 175 और वर्ष 2025-26 बैच के 12 ट्रेडों के 323 प्रशिक्षु शामिल रहे।
यह समारोह देशभर में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह का हिस्सा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से देशभर के प्रशिक्षुओं को संबोधित किया। इस अवसर पर प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने सफल प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं का कौशल विकास महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। आज के समय में केवल शैक्षणिक डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं के पास ऐसा व्यावहारिक हुनर होना चाहिए, जिससे वे रोजगार प्राप्त करने के साथ अपना व्यवसाय भी शुरू कर सकें।
22 ट्रेडों में दिया जा रहा प्रशिक्षण, सभी सीटों पर दाखिले
सरकारी आईटीआई की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रशासक ने कहा कि वर्ष 1962 में स्थापित यह संस्थान लंबे समय से युवाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार के योग्य बना रहा है। वर्तमान में संस्थान में 22 ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस वर्ष सभी उपलब्ध सीटों पर 100 प्रतिशत दाखिले हुए हैं, जो संस्थान की लोकप्रियता और युवाओं के बीच कौशल प्रशिक्षण के प्रति बढ़ते रुझान को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि संस्थान ने 20 उद्योगों के साथ समझौते किए हैं और 32 अन्य संस्थानों के साथ भी जुड़कर काम कर रहा है। इससे प्रशिक्षुओं को उद्योगों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण देने और उनके लिए रोजगार के बेहतर अवसर तैयार करने में मदद मिल रही है।
संदीप और मुस्कान ने 100 प्रतिशत अंक लेकर हासिल किया पहला स्थान
समारोह में विभिन्न ट्रेडों के मेधावी प्रशिक्षुओं को पुरस्कार और नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। सीओपीए ट्रेड के संदीप कुमार और मुस्कान ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया। दोनों को 5,100-5,100 रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
अभय प्रताप सिंह ने दूसरा स्थान प्राप्त किया और उन्हें 3,100 रुपये का पुरस्कार दिया गया। वहीं, स्टेनो इंग्लिश ट्रेड में राधिका और करण ने तीसरा स्थान हासिल किया। दोनों को 2,100-2,100 रुपये देकर सम्मानित किया गया।
हर काम का सम्मान करें युवा, स्वरोजगार के अवसर तलाशें
गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि रोजगार और स्वरोजगार के अवसर केवल पारंपरिक तकनीकी ट्रेडों तक सीमित नहीं हैं। मेहंदी लगाने, ब्यूटी एवं सैलून सेवाओं और खाना बनाने जैसे हुनर भी अच्छी आजीविका का माध्यम बन सकते हैं। ऐसे कौशल विशेष रूप से महिलाओं, विधवाओं और समाज के कमजोर वर्गों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में मददगार साबित हो सकते हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों का देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान है। युवाओं को किसी भी काम को छोटा या बड़ा नहीं समझना चाहिए। हर काम का सम्मान करते हुए अपने हुनर को आजीविका का आधार बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा केवल अपने लिए रोजगार तलाशने तक सीमित न रहें, बल्कि उद्यमशीलता के माध्यम से दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करें।
उद्योगों की जरूरतों के अनुसार लगातार निखारें अपना हुनर
प्रशासक ने युवाओं से उद्योगों में तेजी से हो रहे बदलावों के अनुरूप अपने कौशल को लगातार बेहतर बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आईटीआई और उद्योगों के बीच बेहतर तालमेल होना जरूरी है। प्रशिक्षुओं को संस्थान में सैद्धांतिक शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप के अधिक अवसर मिलने चाहिए, ताकि वे प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सीधे कार्यक्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियां संभाल सकें।
उन्होंने युवाओं को नई तकनीकों और नवाचार को अपनाने की सलाह देते हुए पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन से प्रेरणा लेने को कहा। उन्होंने कहा कि मेहनत, लगन, आत्मविश्वास और उद्यमशीलता के बल पर युवा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का आह्वान
अपने संबोधन के अंत में गुलाब चंद कटारिया ने श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं ‘किरत करो, नाम जपो, वंड छको’ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन शिक्षाओं में ईमानदारी से मेहनत करके आजीविका कमाने, परमात्मा का स्मरण करने और अपनी कमाई व संसाधनों को जरूरतमंदों के साथ साझा करने का संदेश दिया गया है।
उन्होंने कहा कि मेहनत, विनम्रता और मिल-बांटकर खाने की भावना एक आत्मनिर्भर एवं संवेदनशील समाज की मजबूत नींव है। युवाओं को इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
समारोह में तकनीकी शिक्षा विभाग की सचिव प्रेरणा पुरी, तकनीकी शिक्षा की निदेशक डॉ. पालिका अरोड़ा और सरकारी आईटीआई की प्रधानाचार्य डॉ. सुनीता मेहता सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक, प्रशिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासक ने सभी सफल प्रशिक्षुओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही युवाओं को बेहतर व्यावसायिक प्रशिक्षण देने और उन्हें रोजगार के योग्य बनाने के लिए संस्थान के प्रधानाचार्य, शिक्षकों, प्रशिक्षकों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।












Total Users : 460214
Total views : 727383