बोलेरो पिकअप में अंग्रेजी-देसी शराब और बीयर की खेप बरामद, दोनों आरोपी सिरमौर के निवासी; अदालत से मिला तीन दिन का पुलिस रिमांड
सेक्टर-20 में भी अवैध शराब बिक्री का खुलासा, 120 पव्वों के साथ एक अन्य आरोपी गिरफ्तार
बाबूगिरी न्यूज़
पंचकूला, 27 नवंबर। चंडीगढ़ में बिक्री के लिए निर्धारित शराब की दूसरे राज्यों में अवैध सप्लाई और बिक्री का मामला सामने आया है। पंचकूला पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 70 पेटी चंडीगढ़ मार्का शराब के साथ हिमाचल प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बोलेरो पिकअप में शराब भरकर पंचकूला के रास्ते हिमाचल प्रदेश ले जा रहे थे। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल वाहन को भी कब्जे में ले लिया है। अदालत में पेश करने के बाद दोनों आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
इसके अलावा, पुलिस ने सेक्टर-20 स्थित आशियाना में अवैध रूप से शराब बेचने के आरोप में एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 120 पव्वे देसी शराब बरामद हुए हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी चंडीगढ़ से शराब लाकर पंचकूला में बेचता था।
पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में की गई इन कार्रवाइयों को चंडीगढ़, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच सक्रिय अवैध शराब सप्लाई नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
गुप्त सूचना पर खड़क मंगोली के पास लगाया नाका
एसीपी क्राइम विक्रम नेहरा के अनुसार, 26 नवंबर को क्राइम ब्रांच-2 की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि हिमाचल प्रदेश के दो व्यक्ति चंडीगढ़ से शराब खरीदकर उसे हिमाचल में ऊंचे दामों पर बेचने का कारोबार करते हैं। सूचना के मुताबिक दोनों आरोपी बोलेरो पिकअप में भारी मात्रा में शराब लेकर माजरी चौक, पंचकूला के रास्ते हिमाचल प्रदेश जाने वाले थे।
सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच-2 की टीम ने इंचार्ज प्रवीण मलिक की अगुवाई में रणनीति तैयार की। 27 नवंबर को यमुनानगर-पंचकूला हाईवे पर खड़क मंगोली के नजदीक नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बोलेरो पिकअप को रोककर उसकी तलाशी ली।
पेटियों पर लिखा था ‘फॉर सेल इन यूटी चंडीगढ़ ऑनली‘
डीसीपी अमरिंदर सिंह के अनुसार, वाहन की तलाशी के दौरान अंग्रेजी शराब, देसी शराब और बीयर की कुल 70 पेटियां बरामद हुईं। शराब की पेटियों पर स्पष्ट रूप से ‘फॉर सेल इन यूटी चंडीगढ़ ऑनली’ अंकित था। इससे शराब की बिक्री चंडीगढ़ केंद्र शासित प्रदेश तक सीमित होने की बात सामने आई।
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान प्रदीप कुमार और राकेश कुमार निवासी जिला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों से शराब की खरीद, परिवहन और बिक्री से संबंधित लाइसेंस तथा परमिट मांगे, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद पुलिस ने शराब की खेप और बोलेरो पिकअप को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
चंडीगढ़ से शराब लाकर सेक्टर-20 में बेच रहा था आरोपी
दूसरे मामले में क्राइम ब्रांच-2 की टीम को सूचना मिली कि सेक्टर-20 स्थित आशियाना में एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना पर इंचार्ज प्रवीण कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान 35 वर्षीय प्रदीप उर्फ गगन निवासी सेक्टर-20, पंचकूला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से देसी शराब के 120 पव्वे बरामद किए। इन पर भी ‘फॉर सेल इन यूटी चंडीगढ़’ अंकित था।
शराब रखने और बेचने से संबंधित लाइसेंस व परमिट मांगने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद उसके खिलाफ हरियाणा आबकारी संशोधित अधिनियम के तहत थाना सेक्टर-20, पंचकूला में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी चंडीगढ़ से शराब लाकर सेक्टर-20 में बेचता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह शराब कहां से खरीदता था और इस अवैध कारोबार में उसके साथ अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
पूरे सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचेगी पुलिस : पंकज नैन
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि पंचकूला पुलिस अवैध शराब की तस्करी में शामिल लोगों के साथ-साथ उनके पूरे सप्लाई नेटवर्क को निशाने पर लेकर कार्रवाई कर रही है। चंडीगढ़, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच शराब की अवैध आवाजाही तथा अंतरराज्यीय तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्रवाई केवल शराब की खेप बरामद करने तक सीमित नहीं रहेगी। इसके पीछे काम कर रहे सप्लायरों, खरीददारों और अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि आरोपी किसी भी राज्य से संबंधित हों, पंचकूला की सीमा में कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस पूरी मुस्तैदी से कार्रवाई करेगी।