November 27, 2026 7:12 pm

November 27, 2026 7:12 pm

सीटीयू कर्मचारियों की मांगों को लेकर डिपो नंबर-2 में विशाल गेट रैली, यूनियन ने आंदोलन का बजाया बिगुल

चुनाव में लगातार जीत दिलाने पर कर्मचारियों का जताया आभार, लंबित मांगों को लेकर परिवहन प्रबंधन से जल्द बैठक करने का ऐलान
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़। चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) के कर्मचारियों की लंबित मांगों और विभाग से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर चंडीगढ़ गवर्नमेंट ट्रांसपोर्ट वर्कर्स यूनियन ने डिपो नंबर-2 में विशाल गेट रैली आयोजित की। रैली के दौरान यूनियन नेताओं ने चुनाव में लगातार जीत दिलाने के लिए कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही स्पष्ट किया कि अब कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठित प्रयास तेज किए जाएंगे।
यूनियन के प्रधान जसवंत सिंह जस्सा, सीटीयू कंडक्टर्स यूनियन के महासचिव सतिंदर सिंह, चुनाव में निर्वाचित प्रधान बलवीर सिंह, उपप्रधान अतर सिंह, महासचिव मनदीप और कोषाध्यक्ष संजीव कुमार ने कहा कि पिछले वर्ष यूनियन के कार्यों से प्रभावित होकर कर्मचारियों ने इस बार भी शेर पार्टी को समर्थन दिया है। उन्होंने कर्मचारियों के विश्वास के लिए धन्यवाद करते हुए कहा कि यूनियन उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने और लंबित मांगों को प्रबंधन के सामने मजबूती से उठाने का प्रयास करेगी।
 बसों की पार्किंग से लेकर पदोन्नति तक के मुद्दे उठाए
यूनियन नेताओं ने कहा कि सीटीयू प्रबंधन के साथ बैठक कर डिपो नंबर-1 में बसों की पार्किंग के लिए जमीन से जुड़ी समस्या का समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा। इस स्थान पर दीवार का निर्माण हो चुका है, लेकिन पार्किंग व्यवस्था को लेकर आ रही दिक्कतों को दूर करना जरूरी है।
इसके अलावा चालकों के लिए यार्ड मास्टर के 20 रिक्त पद भरने, वर्ष 2023 में भर्ती हुए कंडक्टरों का परिवीक्षा काल पूरा होने के बाद वेतन वृद्धि का लाभ देने तथा स्टेशन सुपरवाइजर, इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर, ट्रैफिक मैनेजर और सुपरिटेंडेंट के पदों पर विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक करवाने की मांग उठाई गई।
यूनियन ने वर्ष 2017 में भर्ती हुए कंडक्टरों के लंबित वेतन संबंधी एरियर का भुगतान करने तथा पांच वर्ष की सेवा पूरी कर चुके आउटसोर्स कर्मचारियों को दो प्रतिशत अतिरिक्त भुगतान का लाभ देने का मुद्दा भी उठाया।
 निजी बसों के बजाय सीटीयू की अपनी बसें खरीदने की मांग
रैली में स्थानीय बस सेवा के संचालन को लेकर भी चिंता जताई गई। यूनियन नेताओं ने मांग की कि चंडीगढ़ में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत करने के लिए सीटीयू अपनी नई बसें खरीदे। निजी संचालकों से इलेक्ट्रिक बसें लेकर चलाने की व्यवस्था का उन्होंने विरोध किया।
उन्होंने कहा कि नई बसों की खरीद के लिए मिले 20 करोड़ रुपये के बजट का इस्तेमाल केवल नई बसें खरीदने पर किया जाना चाहिए। इसके साथ ही विभाग में विभिन्न श्रेणियों के रिक्त पदों पर नियमित भर्ती करने की मांग भी रखी गई।
 सरकारी बसों के समय और अवैध निजी बस संचालन का मुद्दा भी उठाया
यूनियन नेताओं ने बताया कि सरकारी बसों के समय-सारिणी से जुड़े मामलों को लेकर सचिव, राज्य परिवहन प्राधिकरण के साथ बातचीत की जाएगी। चंडीगढ़ में संचालित आठ राज्यों की सरकारी बसों के बीच पारस्परिक समझौते (रेसिप्रोकल एग्रीमेंट) करवाने का मुद्दा भी संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा।
इसके अलावा चंडीगढ़ में कथित रूप से बिना अनुमति चल रही निजी बसों, टेंपो ट्रैवलर, ऑटो रिक्शा, रैपिड सेवा तथा सेक्टर-43 बस स्टैंड से बिना परमिट संचालित हो रही इंटीग्रल कोच बसों के संचालन का मामला भी उठाया गया।
यूनियन ने इन सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए निदेशक परिवहन और डिविजनल मैनेजर के साथ जल्द बैठक करने की बात कही।
 कई यूनियन नेताओं ने किया संबोधित
गेट रैली को सीटीयू कंडक्टर यूनियन के प्रधान दविंदर सिंह, सतिंदर पाल सिंह, इंस्पेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान हरदीप सिंह, तेजबीर सिंह, हरदेव सिंह, गुरप्रीत सिंह पनैचा, जतिंदर पाल सिंह, गुरनाम सिंह और यूनियन के चेयरमैन राज कुमार ने भी संबोधित किया।
वक्ताओं ने कर्मचारियों की एकजुटता को यूनियन की ताकत बताते हुए कहा कि कर्मचारियों से जुड़े वेतन, पदोन्नति, भर्ती, बसों की खरीद और कार्यस्थल की सुविधाओं जैसे मुद्दों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए।
इस संबंध में जानकारी सीटीयू की चंडीगढ़ गवर्नमेंट ट्रांसपोर्ट वर्कर्स यूनियन के पूर्व उपाध्यक्ष सतिंदर सिंह ने दी।
बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 6 3 3 6 1
Total Users : 463361
Total views : 732038

शहर चुनें