स्पेशल डीजीपी अर्पित शुक्ला ने किया सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण, 6,000 पुलिसकर्मी तैनात, ड्रोन से होगी निगरानी
चंडीगढ़/श्री मुक्तसर साहिब, 12 जनवरी 2026:
माघी के ऐतिहासिक और पवित्र मेले को शांतिपूर्ण व सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पंजाब पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं। पंजाब के स्पेशल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (कानून एवं व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने मंगलवार को श्री मुक्तसर साहिब पहुंचकर सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं से जुड़े सभी प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की।
उल्लेखनीय है कि 40 मुक्तों की शहादत को समर्पित तीन दिवसीय वार्षिक माघी मेला 13 से 15 जनवरी 2026 तक श्री मुक्तसर साहिब में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
शहर सात सेक्टरों में विभाजित, 6,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
स्पेशल डीजीपी अर्पित शुक्ला ने डीआईजी फरीदकोट रेंज नीलांबरी जगदले और एसएसपी श्री मुक्तसर साहिब अभिमन्यु राणा के साथ रैली स्थल, बस व वाहन पार्किंग स्थलों, पुलिस सांझा हेल्प डेस्क, संवेदनशील क्षेत्रों और शहर में लगाए गए नाकों का निरीक्षण किया।
उन्होंने बताया कि पूरे क्षेत्र को सात सेक्टरों में बांटा गया है, जहां राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में 6,000 से अधिक पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं।
ड्रोन, सीसीटीवी और घुड़सवार पुलिस से निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए शहर के 37 प्रमुख स्थानों पर 100 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। भीड़भाड़ व संवेदनशील इलाकों की हवाई निगरानी के लिए दो ड्रोन टीमें तैनात की गई हैं, जबकि घुड़सवार पुलिस बल भी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा रहेगा।
इसके साथ ही 94 नाके लगाए गए हैं, जिनमें 54 बाहरी और 40 आंतरिक नाके शामिल हैं।
मेडिकल सुविधा, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड तैनात
स्पेशल डीजीपी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सहायता के लिए प्रत्येक सेक्टर में मेडिकल टीमों से युक्त पुलिस सांझा हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। हर सेक्टर के लिए अस्पताल चिन्हित किए गए हैं तथा आपात स्थितियों से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था की गई है।
विशेष ट्रैफिक प्लान, नो-व्हीकल ज़ोन घोषित
श्रद्धालुओं की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए विशेष ट्रैफिक योजना लागू की गई है।
भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा
केवल आपातकालीन वाहनों को निर्धारित मार्गों से प्रवेश की अनुमति
शहर के प्रवेश मार्गों पर 10 पार्किंग स्थल
6 अस्थायी बस स्टैंड स्थापित
गुरुद्वारा साहिब के चारों ओर 300 मीटर क्षेत्र नो-व्हीकल ज़ोन घोषित
सतर्क रहने की अपील
स्पेशल डीजीपी अर्पित शुक्ला ने बाहरी बल के राजपत्रित अधिकारियों व वरिष्ठ जिला पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा से ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
उन्होंने आम नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 80542-70100 पर देने की अपील की।











Total Users : 290982
Total views : 493101