पंचकूला, 13 जनवरी 2026: पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 ने नशा तस्करी के एक अनोखे तरीके का पर्दाफाश करते हुए चॉकलेट के डिब्बों में छिपाकर कूरियर के माध्यम से बैंगलोर भेजी जा रही अफीम की खेप को पकड़ लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 74 ग्राम अफीम बरामद की है।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि 10 सितंबर को फेज-1 इंडस्ट्रियल एरिया, पंचकूला स्थित डीडीटीसी एक्सप्रेस कूरियर कंपनी के अधिकारियों ने एक संदिग्ध पार्सल की सूचना पुलिस को दी थी। यह पार्सल चंडीगढ़ के सेक्टर-44 से बैंगलोर के लिए बुक किया गया था। पुलिस की मौजूदगी में जब पार्सल खोला गया तो उसमें चॉकलेट के पैकेट मिले। सघन जांच के दौरान चॉकलेट के डिब्बों के भीतर से 74 ग्राम अफीम बरामद हुई। इस संबंध में थाना सेक्टर-20 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश जारी थी। 12 जनवरी को सूचना मिली कि आरोपी गुरनीत सिंह उर्फ गुन्नु (निवासी मोहाली, पंजाब) सेक्टर-44 डी, चंडीगढ़ में पार्सल के संबंध में आया हुआ है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने जानकारी दी कि आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 6 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर मुख्य अफीम सप्लायर और बैंगलोर में प्राप्तकर्ता की पहचान कर नेटवर्क को पूरी तरह खंगाला जाएगा।
पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने कहा,
“नशा तस्कर समाज के लिए दीमक की तरह हैं, जो नई पीढ़ी को खोखला कर रहे हैं। तस्कर चाहे कितने भी शातिर और आधुनिक तरीके अपनाएं, पंचकूला पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच से वे बच नहीं पाएंगे। हमारा लक्ष्य केवल नशा पकड़ना नहीं, बल्कि तस्करी के पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करना है।”











Total Users : 291258
Total views : 493517