October 12, 2026 2:54 pm

October 12, 2026 2:54 pm

हरियाणा के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खुशखबरी: खेदड़ में प्रस्तावित 800 मेगावाट यूनिट के लिए कोल लिंकेज मंजूर

केन्द्र की मंजूरी से हरियाणा में बिजली उत्पादन को मिलेगी नई रफ्तार, ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने दी जानकारी
चंडीगढ़, 14 जनवरी 2026: हरियाणा के बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। राज्य ने ऊर्जा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। केंद्र सरकार ने हिसार जिले के खेदड़ में स्थापित किए जाने वाले 800 मेगावाट क्षमता के नए बिजली विस्तार यूनिट के लिए कोल लिंकेज मंजूर कर दिया है। इससे राज्य में स्थिर, भरोसेमंद और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बताया कि यह नई 800 मेगावाट यूनिट राजीव गांधी थर्मल पावर प्लांट के विस्तार के तहत बनाई जा रही है। कोल लिंकेज मिलने के बाद राज्य को इस परियोजना के लिए नियमित और दीर्घकालिक कोयला आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
श्री विज ने कहा, “कोल लिंकेज मिलने से परियोजना के कार्यान्वयन में तेजी आएगी और भविष्य में ईंधन की कमी के कारण बिजली उत्पादन में कोई बाधा नहीं आएगी। इससे राज्य की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी और बढ़ती बिजली मांग को पूरा किया जा सकेगा।”
हिसार के खेदड़ में पहले से संचालित राजीव गांधी थर्मल पावर प्लांट हरियाणा की बिजली व्यवस्था की रीढ़ माना जाता है। 800 मेगावाट के इस नए यूनिट के चालू होने से औद्योगिक क्षेत्रों, कृषि सेक्टर और घरेलू उपभोक्ताओं को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जा सकेगी।
ऊर्जा मंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य हरियाणा को बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि उपभोक्ताओं को सस्ती, सतत और निर्बाध बिजली मिल सके। केंद्र द्वारा कोल लिंकेज की मंजूरी इस दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।
विज ने कहा कि यह परियोजना न केवल बिजली आपूर्ति को मजबूत करेगी, बल्कि स्थानीय रोजगार सृजन, औद्योगिक विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी। राज्य सरकार ऊर्जा क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है और आने वाले समय में हरियाणा ऊर्जा क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में उभरेगा।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 2 0 1
Total Users : 429201
Total views : 684429

शहर चुनें