June 15, 2026 3:14 pm

June 15, 2026 3:14 pm

क्रांतिकारी स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन का इनसो में विलय

दिग्विजय चौटाला के नेतृत्व में छात्र नेता हरिकेश ढांडा ने ली इनसो की सदस्यता

युवा ताकत जेजेपी से लगातार जुड़ रही है, छात्रों की आवाज मजबूती से उठेगी – दिग्विजय चौटाला
चंडीगढ़, 15 जनवरी: जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) की छात्र इकाई इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (इनसो) को उस समय बड़ी मजबूती मिली, जब हरियाणा के क्रांतिकारी स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन (केएसओ) ने आधिकारिक रूप से इनसो में विलय की घोषणा की।
रोहतक में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जेजेपी युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला की मौजूदगी में क्रांतिकारी स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन के संस्थापक हरिकेश ढांडा ने अपने संगठन का इनसो में विलय करते हुए साथियों सहित सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर दिग्विजय चौटाला ने इनसो का पटका पहनाकर सभी छात्र नेताओं का स्वागत किया और उन्हें संगठन की औपचारिक सदस्यता दिलाई।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि यह विलय छात्र एकता, संघर्ष और अधिकारों की लड़ाई को नई ताकत देगा। उन्होंने कहा कि इनसो के बैनर तले अब छात्र हितों की लड़ाई और अधिक संगठित, मजबूत और प्रभावी ढंग से लड़ी जाएगी।

2016 में हुई थी केएसओ की स्थापना
क्रांतिकारी स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन की स्थापना 23 मार्च 2016 को हरिकेश ढांडा द्वारा की गई थी। संगठन ने हरियाणा के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में समय-समय पर धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन की खामियों के खिलाफ आवाज बुलंद की। वर्तमान में संगठन की टीमें प्रदेशभर के कॉलेजों और यूनिवर्सिटीज़ में सक्रिय रही हैं और जमीनी स्तर पर छात्रों के हितों की लड़ाई लड़ती रही हैं।
सरकार की युवा-विरोधी नीतियों के खिलाफ केएसओ हमेशा मुखर रहा है। हिसार एचएयू छात्र आंदोलन में भी संगठन ने मजबूती से छात्रों का पक्ष रखा था।

इनसो छात्रों की आवाज का मजबूत मंच – दिग्विजय
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि इनसो युगपुरुष जननायक चौधरी देवीलाल की नीतियों पर चलने वाला संगठन है, जिसकी स्थापना वर्ष 2003 में पूर्व सांसद डॉ. अजय सिंह चौटाला ने की थी। उद्देश्य यही था कि जब भी छात्रों को एकजुट होकर अपनी आवाज उठाने की जरूरत पड़े, इनसो उनके लिए सशक्त मंच बने।
उन्होंने कहा कि केएसओ के इनसो से जुड़ने से संगठन और अधिक मजबूत होगा और छात्र हितों की लड़ाई को नई दिशा मिलेगी।

भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं पर सरकार को घेरा
दिग्विजय चौटाला ने एचपीएससी और एचएसएससी में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इन संस्थानों में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने एचटेट-2024 के परिणाम में कथित घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि इससे भाजपा सरकार के “बिना पर्ची-बिना खर्ची” के दावे की पोल खुल गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अफसरशाही हावी है, कानून-व्यवस्था चरमराई हुई है और हरियाणा अपराध के मामलों में देश में नंबर वन बनता जा रहा है।

2029 में जेजेपी बनेगी मजबूत विकल्प
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जेजेपी लगातार जनहित से जुड़े मुद्दों को उठा रही है और सरकार की नाकामियों को जनता के सामने ला रही है। उन्होंने दावा किया कि जेजेपी और इनसो के बैनर तले युवा लगातार एकजुट हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि साल 2029 में भाजपा के सामने अगर कोई मजबूत और संगठित विकल्प होगा, तो वह जेजेपी ही होगी। दिग्विजय ने याद दिलाया कि 2019 में जेजेपी युवाओं के दम पर 17 प्रतिशत वोट हासिल करने में सफल रही थी और आने वाले चुनावों में इससे भी बेहतर प्रदर्शन किया जाएगा।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 4 0 7 7
Total Users : 344077
Total views : 569455

शहर चुनें