चंडीगढ़, 15 जनवरी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि गलत औद्योगिक नीतियों के चलते हरियाणा से लगातार उद्योगों का पलायन हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में प्रदेश का औद्योगिक परिदृश्य बेहद चिंताजनक स्थिति में पहुंच गया है, जिसका सीधा असर रोजगार, कानून-व्यवस्था और सामाजिक हालात पर पड़ रहा है।
हुड्डा ने हाल ही में जारी आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि वर्ष 2018-19 से अब तक हरियाणा में 1446 फैक्ट्रियां या तो बंद हो चुकी हैं या प्रदेश छोड़ चुकी हैं। यह जानकारी भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के वार्षिक उद्योग सर्वेक्षण के डेटा के आधार पर सामने आई है। इसके चलते प्रदेश में बेरोजगारी, नशाखोरी, अपराध और पलायन लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बीते पांच वर्षों में हरियाणा के औद्योगिक क्षेत्र में 12.2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है, क्योंकि भाजपा सरकार इस अहम क्षेत्र पर कोई ठोस ध्यान नहीं दे रही। इसके विपरीत कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में छह नई आईएमटी (HSIIDC औद्योगिक क्षेत्र) विकसित की गईं और मारुति, एशियन पेंट्स, एनटीपीसी, रिलायंस, होंडा, आईओसी, पैनासोनिक, योकोहामा और डेंसो जैसे बड़े उद्योग हरियाणा में स्थापित कराए गए।
हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने रेल कोच फैक्ट्री और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भी मंजूरी दिलाई थी, जिससे पूरे क्षेत्र को औद्योगिक विकास का लाभ और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने थे। लेकिन भाजपा सरकार की नीतियों और नीयत के चलते ये दोनों परियोजनाएं हरियाणा से बाहर चली गईं।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार का पूरा ध्यान सिर्फ इवेंट मैनेजमेंट और आत्ममुग्ध प्रचार पर केंद्रित है, जो जमीनी हकीकत से कोसों दूर है। उन्होंने कहा कि आज अर्थशास्त्री और बुद्धिजीवी भी भाजपा सरकार से निराश हो चुके हैं, क्योंकि प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है।
हुड्डा ने बताया कि वर्ष 1966 से 2014 तक हरियाणा पर कुल कर्ज करीब 60 हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। नीति आयोग के फिस्कल हेल्थ इंडेक्स में हरियाणा 18 राज्यों में 14वें स्थान पर है, जबकि 31 प्रतिशत से अधिक का Debt-to-GSDP अनुपात इस बात का संकेत है कि प्रदेश गहरे कर्ज के जाल में फंस चुका है।
इसके अलावा एनसीआरबी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में भ्रष्टाचार के मामलों में 187 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और हरियाणा भ्रष्टाचार के मामलों में देश में छठे स्थान पर पहुंच गया है। हुड्डा ने कहा कि तमाम रिपोर्ट्स और आंकड़े इस बात की पुष्टि करते हैं कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर बुरी तरह विफल साबित हुई है।













Total Users : 323591
Total views : 540319