May 23, 2026 9:42 pm

May 23, 2026 9:42 pm

चंडीगढ़ में ‘ऑपरेशन म्यूल हंट’ के तहत बड़ी कार्रवाई, संगठित साइबर ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़; 10 आरोपी गिरफ्तार

चंडीगढ़: केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन ने संगठित साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए “ऑपरेशन म्यूल हंट” के तहत साइबर धोखाधड़ी के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में साइबर ठगी से जुड़े 10 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारियां साइबर धोखाधड़ी के लिए फर्जी व म्यूल बैंक खातों के बड़े पैमाने पर दुरुपयोग से जुड़े कई एफआईआर के तहत की गई हैं।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक (साइबर अपराध)  गीतांजलि खंडेलवाल, आईपीएस के नेतृत्व में, डीएसपी साइबर अपराध ए. वेंकटेश के मार्गदर्शन तथा साइबर क्राइम थाना, सेक्टर-17 की एसएचओ इंस्पेक्टर एराम रिज़वी की निगरानी में चलाया गया।

कैसे हुआ खुलासा
गृह मंत्रालय के I4सी/एनसीआरपी पोर्टल से प्राप्त इनपुट के आधार पर यह सामने आया कि चंडीगढ़ क्षेत्र में संचालित कई बैंक खाते देश के अन्य राज्यों में दर्ज साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़े हुए हैं। जांच में पाया गया कि इन खातों का इस्तेमाल डिजिटल अरेस्ट स्कैम, पार्ट-टाइम जॉब फ्रॉड, क्रिप्टो ट्रांजैक्शन समेत अन्य साइबर अपराधों से अर्जित धन को ट्रांसफर, निकालने और छिपाने के लिए किया जा रहा था।

जांच में अहम खुलासे
आरोपियों ने कमीशन के लालच में अपने बैंक खातों का इस्तेमाल करने दिया।
कुछ मामलों में ठगी की रकम को क्रिप्टोकरेंसी (जैसे बाइनेंस) के माध्यम से कन्वर्ट किया गया।
चेक और अन्य माध्यमों से अवैध धन की निकासी व लेयरिंग की गई।
सभी मामलों में आरोपियों की आपराधिक साजिश स्पष्ट रूप से सामने आई।

दर्ज मामले
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 112(2), 317(2), 61(2) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में एफआईआर नंबर 11, 12, 13 (वर्ष 2026) तथा एफआईआर नंबर 109 दिनांक 08.09.2025 (धारा 318(4), 351(2) सहित) के तहत मामले दर्ज हैं।

पुलिस की जनता से अपील
चंडीगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों को सतर्क करते हुए कहा है कि: किसी भी हालत में अपने बैंक खाते, एटीएम, चेक बुक, ओटीपी, यूपीआई या ऑनलाइन बैंकिंग विवरण किसी अनजान व्यक्ति को न दें।
कमीशन या आसान कमाई के लालच में अपने खाते का उपयोग कराना आपको ‘म्यूल अकाउंट होल्डर’ बना सकता है, जो गंभीर अपराध है।
अंशकालिक नौकरी, वर्क फ्रॉम होम, डिजिटल अरेस्ट कॉल या क्रिप्टो निवेश जैसे संदिग्ध ऑफर्स से सावधान रहें।
खाते में यदि कोई अज्ञात राशि आए तो तुरंत बैंक और पुलिस को सूचना दें, न पैसा निकालें और न ट्रांसफर करें।
साइबर ठगी की सूचना तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर दें या हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें।
चंडीगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध और म्यूल अकाउंट नेटवर्क के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 2 3 5 8 0
Total Users : 323580
Total views : 540306

शहर चुनें