July 13, 2026 5:17 am

July 13, 2026 5:17 am

कुरुक्षेत्र में कांग्रेस का संगठनात्मक प्रशिक्षण शिविर: राहुल गांधी ने जिला अध्यक्षों में भरा जोश, संगठन को मजबूती का संदेश

कुरुक्षेत्र/चंडीगढ़, 21 जनवरी 2026: कांग्रेस पार्टी के हरियाणा और उत्तराखंड के जिला अध्यक्षों के लिए आयोजित 10 दिवसीय ‘संगठन सृजन’ प्रशिक्षण शिविर में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने विशेष रूप से शिरकत की। ब्रह्म सरोवर के निकट पंजाबी धर्मशाला में आयोजित इस शिविर में राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया और उनमें नई ऊर्जा का संचार किया।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने हरियाणा एवं उत्तराखंड के लगभग 60 जिला अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी बेहद अहम है और इसे निडरता व कर्तव्यनिष्ठा के साथ निभाना होगा। उन्होंने कहा, “आप कांग्रेस के योद्धा हैं और आपको योद्धा की तरह ही काम करना होगा।”
राहुल गांधी ने कहा कि देश में भ्रष्ट सत्ता एक बड़ी चुनौती है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निर्भीक होकर इन चुनौतियों का सामना करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा, “आपकी आवाज को कोई दबा नहीं सकता। कांग्रेस जैसा मजबूत संगठन आपके साथ खड़ा है। स्वतंत्र होकर निर्णय लें, किसी दबाव में न आएं। पार्टी समय-समय पर आपके कार्यों का मूल्यांकन करेगी और पूरा सहयोग देगी।”
इस दौरान राहुल गांधी ने प्रत्येक जिला अध्यक्ष से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की, संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और सुझावों का आदान-प्रदान किया। लगभग तीन घंटे तक चली इस बैठक के बाद उन्होंने जिला अध्यक्षों और उनके परिवारजनों के साथ भोजन किया। उनका यह आत्मीय व्यवहार कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बना।
इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद, सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल व प्रफुल्ल गुडधे, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद कुमारी शैलजा, अशोक अरोड़ा, प्रदेश मीडिया प्रभारी संजीव भारद्वाज सहित हरियाणा व उत्तराखंड के सभी जिला अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि यह प्रशिक्षण शिविर 13 जनवरी से 22 जनवरी तक चल रहा है, जिसका उद्देश्य जिला स्तर पर संगठन को सशक्त करना और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करना है। राहुल गांधी की इस यात्रा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया जोश और उत्साह भर दिया है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 6 6 6 5 7
Total Users : 366657
Total views : 600324

शहर चुनें