April 5, 2026 6:58 am

April 5, 2026 6:58 am

रॉन्ग साइड से आई तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर का कहर, 6 लोग घायल

गोल्फ कोर्स रोड पर भीषण हादसा, 4 युवतियां शामिल, दो की हालत नाजुक
गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। गोल्फ कोर्स रोड पर रॉन्ग साइड से आ रही एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ती हुई स्टाफ को ले जा रही कार से जा टकराई। भीषण टक्कर में 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें 4 युवतियां शामिल हैं। हादसे में एक युवक और एक युवती की हालत नाजुक बताई जा रही है।

डिवाइडर तोड़कर दूसरी कार से टकराई फॉर्च्यूनर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फॉर्च्यूनर तेज गति में गलत दिशा से आ रही थी। अचानक संतुलन बिगड़ने से गाड़ी डिवाइडर तोड़कर दूसरी ओर पहुंच गई और सामने से आ रही कार से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए।

20 मिनट तक कार में फंसे रहे घायल
हादसे के बाद स्टाफ कार में सवार सभी लोग करीब 20 मिनट तक गाड़ी के अंदर ही फंसे रहे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।

डैश कैम में कैद हुआ पूरा हादसा
हादसे की पूरी घटना कार के डैश कैम में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि फॉर्च्यूनर डिवाइडर तोड़ते हुए अनियंत्रित होती है और फिर दूसरी कार से जोरदार टक्कर हो जाती है।

ड्राइवर की शिकायत पर केस दर्ज
पुलिस को दी शिकायत में दिल्ली निवासी विनोद कुमार ने बताया कि वे प्रीमियर पीपुल लॉजिस्टिक कंपनी में ड्राइवर हैं। 20 जनवरी की देर रात वे जेनपैक्ट कंपनी, सेक्टर-69 से स्टाफ सदस्यों मुताहिर हुसैन, अंकिता सेन गुप्ता, श्रेया कुमारी, शानु शर्मा और अंशिका कुमारी को लेकर डीएलएफ फेज-3 जा रहे थे। इसी दौरान सेक्टर-54 स्थित ला लगून सोसाइटी के पास यह हादसा हुआ।

राजस्थान नंबर की फॉर्च्यूनर जब्त, आरोपी फरार
सेक्टर-53 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने राजस्थान नंबर की फॉर्च्यूनर को कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 0 0 4
Total Users : 291004
Total views : 493128

शहर चुनें