April 5, 2026 7:48 pm

April 5, 2026 7:48 pm

डबल इंजन सरकार किसानों के सम्मान व सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध : नायब सिंह सैनी

मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय जाट धर्मशाला कुरुक्षेत्र को 31 लाख रुपये अनुदान की घोषणा की
बसंत पंचमी पर कुरुक्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने की शिरकत
चंडीगढ़, 23 जनवरी: हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने कहा कि दीनबंधु चौधरी छोटूराम के संघर्षों के कारण धरती पुत्र किसान का भाग्य बदला और मजदूर को भी सम्मान मिला। कृषि भूमि की रक्षा, किसान की गरिमा और मेहनतकश की इज्जत दीनबंधु चौधरी छोटूराम के जीवन के मूल मंत्र थे। इन्हीं आदर्शों को आधार बनाकर डबल इंजन सरकार किसानों के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को कुरुक्षेत्र स्थित अंतर्राष्ट्रीय जाट धर्मशाला में बसंत पंचमी के पावन पर्व पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, हरियाणा के सामाजिक एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी तथा सांसद श्री सुभाष बराला ने दीनबंधु सर छोटूराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय जाट धर्मशाला को 31 लाख रुपये तथा सांसद सुभाष बराला ने 21 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को बसंत पंचमी एवं दीनबंधु सर छोटूराम की जयंती की बधाई देते हुए कहा कि सर छोटूराम का जीवन साहस, संवेदना, संघर्ष और सेवा का अद्भुत समन्वय था। वे केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार, एक आंदोलन और एक संकल्प थे, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन किसानों, श्रमिकों और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष किसी वर्ग के विरुद्ध नहीं, बल्कि अन्याय के विरुद्ध था, यही कारण है कि उनका नाम आज भी सम्मान के साथ लिया जाता है।
उन्होंने कहा कि जब तक किसान सशक्त नहीं होगा, तब तक भारत सशक्त नहीं हो सकता। इसी सोच के साथ दीनबंधु चौधरी छोटूराम संघर्ष करते रहे। उनके प्रयासों से नीतियों और कानूनों को नया स्वरूप मिला और ऋणग्रस्त किसानों को साहूकारों के शोषण से मुक्ति दिलाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने दीनबंधु चौधरी छोटूराम के आदर्शों को अपनाते हुए किसानों के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाओं को धरातल पर उतारा है। किसानों के हित में सभी 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर की जा रही है। अब तक लगभग 12 लाख किसानों के खातों में फसल खरीद के भुगतान की राशि डाली जा चुकी है। पिछले 11 वर्षों में फसल खराबे के मुआवजे के रूप में 15 हजार 448 करोड़ रुपये किसानों को दिए गए हैं। हरियाणा कृषि भूमि पट्टा विधेयक–2024 पारित कर पट्टेदार किसानों और भूमि मालिकों के बीच विश्वास बहाली की गई है। किसानों की सुविधा के लिए ‘मेरी फसल–मेरा ब्यौरा’ पोर्टल शुरू किया गया।
उन्होंने बताया कि अंग्रेजों के समय से चले आ रहे आबियाने को समाप्त कर 133 करोड़ रुपये का बकाया माफ किया गया है। पिंजौर में एशिया की सबसे बड़ी आधुनिक सेब, फल एवं सब्जी मंडी शुरू की गई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 20 लाख 18 हजार पात्र किसान परिवारों को अब तक 7 हजार 233 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है। इसके अतिरिक्त, बाजार भावांतर योजना के तहत 1 हजार 285 करोड़ रुपये तथा फसल विविधीकरण और जल संरक्षण योजना के अंतर्गत 167 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता किसानों को प्रदान की गई है।
इस अवसर पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने बसंत पंचमी और दीनबंधु चौधरी छोटूराम की जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का पराक्रम और दीनबंधु सर छोटूराम की करुणा मिलकर भारत के चरित्र को पूर्ण बनाते हैं। बसंत पंचमी यह संदेश देती है कि ज्ञान और संस्कृति के बिना कोई भी पराक्रम स्थायी नहीं हो सकता।
सांसद  सुभाष बराला ने कहा कि दीनबंधु चौधरी छोटूराम ने किसानों और मजदूरों को उनका हक दिलाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया और सामाजिक न्याय को नीतियों और कानूनों का स्वरूप दिया। आज की युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर देश सेवा के लिए आगे आना चाहिए।
जाट धर्मशाला के प्रधान डॉ. कृष्ण श्योकंद ने मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 2 5 8
Total Users : 291258
Total views : 493517

शहर चुनें