August 6, 2026 8:02 am

August 6, 2026 8:02 am

हरियाणा व चंडीगढ़ में बारिश-आंधी का कहर: ओलावृष्टि से फसलें बिछीं, चंडीगढ़ व पंचकूला में पेड़ गिरे, एक युवक घायल

चंडीगढ़/पंचकूला: शुक्रवार को हरियाणा के कई जिलों में तेज बारिश और आंधी-तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। फतेहाबाद, सिरसा और सोनीपत में ओलावृष्टि हुई, जबकि अंबाला, यमुनानगर, कैथल और पंचकूला में तेज हवाओं के चलते पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। कई स्थानों पर टीन शेड उड़ गए और बिजली आपूर्ति बाधित रही।

बारिश और तेज हवाओं से गेहूं व सरसों की अगेती फसलें बिछ गईं, वहीं आलू, मटर, गोभी और गाजर जैसी सब्जी फसलों में पानी भरने से नुकसान की आशंका बढ़ गई है।

किस जिले में कितनी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अंबाला में सबसे अधिक 42.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। यमुनानगर में 30.0 मिमी, करनाल में 23 मिमी, पानीपत में 13 मिमी, गुरुग्राम, रोहतक और सिरसा में 12-12 मिमी, पलवल में 10 मिमी और भिवानी में 6 मिमी बारिश हुई।

मौसम विभाग की चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग, चंडीगढ़ केंद्र के निदेशक डॉ. सुरेंद्र पाल ने बताया कि नवंबर के पहले सप्ताह के बाद यह सबसे मजबूत पश्चिमी विक्षोभ है, जिसके कारण उत्तर भारत में कम दबाव का क्षेत्र बना। अरब सागर से नमी लेकर हवाएं मैदानी इलाकों तक पहुंचीं, जिससे व्यापक बारिश हुई। शनिवार के बाद मौसम साफ रहने की संभावना है, हालांकि 27 और 28 जनवरी को फिर से बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।

24-25 जनवरी को घने कोहरे की संभावना

मौसम विभाग ने 24 और 25 जनवरी को हरियाणा में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले कुछ दिनों तक तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहने की संभावना है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पंचकूला में हालात सबसे ज्यादा प्रभावित

पंचकूला में गुरुवार भर बारिश होती रही। कई सेक्टरों और इंडस्ट्रियल एरिया में तेज आंधी से भारी पेड़ गिर गए, जबकि मुख्य चौराहों पर जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ। स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पंचकूला विकास नगर रोड से चंडीगढ़ हल्लोमाजरा की ओर जाने वाली सड़क बंद होने से यातायात मुख्य मार्ग पर डायवर्ट करना पड़ा।

पेड़ गिरने से एक युवक घायल

एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट रोड पर पेड़ गिरने से दोपहर के समय ट्रैफिक धीमा पड़ गया। वहीं सेक्टर-35 में तेज बारिश और तूफान के दौरान एक बड़ा पेड़ 26 वर्षीय एक्टिवा सवार पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर स्थानीय पार्षद और पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को सेक्टर-16 जीएमएसएच में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है।

 

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 8 3 4 1 1
Total Users : 383411
Total views : 623125

शहर चुनें