August 5, 2026 10:00 am

August 5, 2026 10:00 am

DELHI; गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में कड़ा पहरा, 30 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

नई दिल्ली जिले में 10 हजार जवान, एआई तकनीक और फेस रिकॉग्निशन से 24×7 निगरानी

न्यू दिल्ली: गणतंत्र दिवस समारोह को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की है। शहरभर में 30 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, जबकि केवल नई दिल्ली जिले में करीब 10 हजार पुलिसकर्मी लगाए गए हैं, जहां परेड रूट और हाई-सिक्योरिटी जोन स्थित हैं।
नई दिल्ली के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त देवेश कुमार महला ने बताया कि सुरक्षा के लिए सभी मानक संचालन प्रक्रियाएं लागू कर दी गई हैं। पिकेट, बैरिकेडिंग और सघन निगरानी की व्यवस्था की गई है। सभी जवानों को तैनाती योजना, प्वाइंट-वाइज ब्रीफिंग और आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के निर्देश दिए जा चुके हैं तथा रिहर्सल भी पूरी कर ली गई है।

3 हजार से ज्यादा सीसीटीवी और 30 कंट्रोल रूम से निगरानी
उन्होंने बताया कि नई दिल्ली क्षेत्र में परेड रूट और आसपास के इलाकों में 3,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो एडवांस वीडियो एनालिटिक्स और फेसियल रिकॉग्निशन सिस्टम (FRS) से लैस हैं। इन कैमरों की लाइव फीड 30 से अधिक कंट्रोल रूम से 24 घंटे मॉनिटर की जा रही है, जहां करीब 150 पुलिसकर्मी तैनात हैं।
मैदान में तैनात पुलिसकर्मियों को भारत में निर्मित एआई-ग्लासेज दिए गए हैं, जो एफआरएस तकनीक से जुड़े हैं। ये ग्लासेज अपराधियों, संदिग्धों और घोषित अपराधियों के डाटाबेस से रियल टाइम में कनेक्टेड हैं, जिससे भीड़ में संदिग्ध की पहचान तुरंत हो सकेगी।

बहु-स्तरीय बैरिकेडिंग, स्नाइपर और मोबाइल सर्विलांस वाहन तैनात
सुरक्षा व्यवस्था के तहत परेड रूट और आसपास के इलाकों में बहु-स्तरीय बैरिकेडिंग, कई स्तरों पर जांच और तलाशी तथा सख्त प्रवेश नियंत्रण लागू किया गया है। रणनीतिक स्थानों पर एफआरएस से लैस मोबाइल सर्विलांस वाहनों की तैनाती की गई है। इसके अलावा नई दिल्ली, उत्तरी और मध्य दिल्ली के हजारों भवनों की छतों पर स्नाइपर टीमें तैनात की गई हैं।

बाजारों, स्टेशन और मेट्रो पर बढ़ाई गई चौकसी
पुलिस उपायुक्तों द्वारा परेड रूट का सर्वे और एंटी-सैबोटाज जांच पूरी कर ली गई है। बाजारों, बस अड्डों, मेट्रो स्टेशनों और रेलवे स्टेशनों जैसे अधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। साथ ही किरायेदारों और घरेलू सहायकों के सत्यापन अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील
दिल्ली पुलिस ने पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ अंतर-राज्यीय समन्वय बैठकें कर ली हैं ताकि खुफिया जानकारी साझा करने में कोई कमी न रहे। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने नागरिकों से सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने और प्रतिबंधित वस्तुएं साथ न लाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि बैठने के एनक्लोजर नदियों के नाम पर हैं, इसलिए दर्शक अपने निर्धारित एनक्लोजर, पहुंच मार्ग और प्रवेश द्वार की पहले से जानकारी अवश्य कर लें।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 8 2 7 0 2
Total Users : 382702
Total views : 622144

शहर चुनें