October 12, 2026 2:53 pm

October 12, 2026 2:53 pm

PANCHKULA: गणतंत्र दिवस परेड देखने जा रहे बच्चों से भरी पिकअप पलटी, 15 घायल

रत्तेवाली गांव में शाफ्ट टूटने से हुआ हादसा, दो बच्चे गंभीर

पंचकूला, 27 जनवरी: गणतंत्र दिवस 26 जनवरी के अवसर पर आयोजित परेड देखने जा रहे बच्चों और बड़ों से भरी एक पिकअप गाड़ी रत्तेवाली गांव में पलट गई। हादसे में बच्चों समेत करीब 15 लोग घायल हो गए। घायलों के हाथ, बाजू, पीठ, चेहरे और सिर पर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को पंचकूला सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई घायलों का इलाज जारी है।

शाफ्ट टूटने से अनियंत्रित हुई पिकअप
जानकारी के अनुसार, रत्तेवाली गांव के बच्चे अपने परिवारजनों के साथ गांव कनौली में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह देखने जा रहे थे। जैसे ही पिकअप मुख्य सड़क पर सत्संग भवन के पास पहुंची, अचानक पीछे के टायरों को पुश देने वाला शाफ्ट टूट गया। इसके चलते पिकअप पीछे से झूले की तरह घूमी और तेज गति में बाईं ओर पलट गई।
तेज झटका लगने से गाड़ी में पीछे बैठे बच्चे और अन्य सवार उछलकर सड़क पर दूर-दूर जा गिरे। गनीमत रही कि हादसा जानलेवा नहीं हुआ।

दो बच्चे गंभीर रूप से घायल
हादसे में तीसरी कक्षा की छात्रा खुशी और पांचवीं कक्षा का छात्र सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले कोट प्राइमरी हेल्थ सेंटर ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद पंचकूला सेक्टर-6 स्थित जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है, लेकिन वे उपचाराधीन हैं।

सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
जिस स्थान पर पिकअप पलटी, वह इलाका सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में है। हादसा कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि गाड़ी सामान्य रूप से आगे बढ़ रही थी, लेकिन अचानक शाफ्ट टूटते ही उसका पिछला हिस्सा घूमकर आगे आ गया और पिकअप पलट गई। इसके बाद सुरक्षित बचे लोग खुद को संभालते हुए सड़क के दूसरी ओर जाते नजर आए।

पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद पुलिस ने अस्पताल में उपचाराधीन बच्चों, अन्य घायलों और पिकअप चालक के बयान दर्ज किए हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण गाड़ी का शाफ्ट टूटना सामने आया है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 2 0 0
Total Users : 429200
Total views : 684428

शहर चुनें