पंचकूला, 30 जनवरी। पंचकूला पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वर्ष 2022 में सामने आए 667 पेटी अंग्रेजी शराब तस्करी मामले में एक और बड़े सप्लायर को गिरफ्तार किया है। यह इस मामले में तीसरी गिरफ्तारी है। आरोपी को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह संगठित गिरोह चंडीगढ़ से शराब खरीदकर अवैध रूप से राजस्थान में सप्लाई करता था।
2022 में ट्रक से बरामद हुई थी चंडीगढ़ मार्का शराब
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने जानकारी देते हुए बताया कि 4 अक्टूबर 2022 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पंचकूला-जीरकपुर बॉर्डर के पास सेक्टर-20 पंचकूला क्षेत्र में एक बड़े ट्रक में भारी मात्रा में अवैध शराब लदी हुई है।
सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम ने मौके पर पहुंचकर लावारिस हालत में खड़े ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में पीओपी के कट्टों में छिपाकर रखी गई अलग-अलग अंग्रेजी ब्रांड की कुल 667 पेटी शराब बरामद की गई। सभी पेटियों पर “सेल इन चंडीगढ़” अंकित था।
तीसरा आरोपी सप्लायर गिरफ्तार
इस संबंध में थाना सेक्टर-20 पंचकूला में हरियाणा आबकारी संशोधन अधिनियम की धारा 61(1)(a) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 के इंचार्ज इंस्पेक्टर दलीप सिंह के नेतृत्व में टीम ने तीसरे आरोपी सप्लायर जाला राम, निवासी जिला जोधपुर (राजस्थान) को 29 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया।
आरोपी को अदालत में पेश कर 4 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य सप्लायरों और नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जाएगी।
दो आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
पुलिस इससे पहले 13 अक्टूबर 2022 को सुजाना राम निवासी बाड़मेर (राजस्थान) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है।
वहीं, दूसरे आरोपी शेखर उर्फ चंद्रशेखर उर्फ राजू को 16 जून 2023 को गिरफ्तार किया गया था।
गिरोह के अन्य सदस्य अभी फरार
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि यह एक संगठित शराब तस्करी गिरोह है, जिसके कुछ सदस्य अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि पंचकूला पुलिस अवैध शराब तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी और कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।











Total Users : 291318
Total views : 493612