April 5, 2026 6:12 am

April 5, 2026 6:12 am

HIMACHAL: स्कूलों में 1 मार्च से मोबाइल फोन पर पूर्ण प्रतिबंध, नियम तोड़ने पर लगेगा जुर्माना: मुख्यमंत्री सुक्खू

बिलासपुर, 5 फरवरी: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने घोषणा की है कि प्रदेश में 1 मार्च 2026 से सभी सरकारी और निजी स्कूलों में विद्यार्थियों के मोबाइल फोन लाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाएगा। यदि किसी छात्र के पास स्कूल परिसर में मोबाइल पाया गया तो 500 रुपये का जुर्माना, मोबाइल जब्ती और माता-पिता को स्कूल बुलाकर समझाइश दी जाएगी। बार-बार नियम तोड़ने पर तय एसओपी के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसके लिए शिक्षा विभाग शीघ्र मानक प्रक्रिया (SOP) तैयार करेगा।
मुख्यमंत्री यह बात बिलासपुर जिले के घुमारवीं में आयोजित 69वीं अंडर-19 छात्रा राष्ट्रीय स्कूल हैंडबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि लंच टाइम में बच्चों का मोबाइल में व्यस्त रहना पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है, इसलिए यह कदम आवश्यक है।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और खेलों पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केवल नए स्कूल खोलने पर नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे स्वयं सरकारी स्कूल में पढ़े हैं, इसलिए शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने बताया कि स्कूलों में खेलों को बढ़ावा दिया जाएगा और बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। सरकार खेल पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य कर रही है और हर विधानसभा क्षेत्र में खेल मैदान विकसित किए जाएंगे।

विजेता टीम को 20 लाख का इनाम
मुख्यमंत्री सुक्खू ने नेशनल हैंडबॉल प्रतियोगिता की विजेता हिमाचल प्रदेश टीम को 20 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि खेलों से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है, इसलिए सरकार इस क्षेत्र में निरंतर निवेश कर रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि खिलाड़ियों की डाइट मनी बढ़ाई गई है—राज्य के भीतर 400 रुपये और राज्य से बाहर 500 रुपये प्रतिदिन। साथ ही, राज्य से 200 किलोमीटर से अधिक दूरी पर होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए हवाई सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। एशियन गेम्स से लौटी प्रदेश की बेटियों को रोजगार उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया गया।

खेल अवसंरचना को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी की खेलों के प्रति रुचि की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से घुमारवीं में राष्ट्रीय स्तर की हैंडबॉल प्रतियोगिता आयोजित हो सकी। उन्होंने घोषणा की कि घुमारवीं में इंडोर स्टेडियम का निर्माण शीघ्र पूरा किया जाएगा, घुमारवीं स्कूल भवन एक वर्ष में तैयार करने का प्रयास होगा और मोरसिंगी में गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा।

प्रतियोगिता का परिणाम
69वीं अंडर-19 छात्रा हैंडबॉल स्कूल प्रतियोगिता के फाइनल में हिमाचल प्रदेश ने राजस्थान को पराजित कर खिताब जीता, जबकि राजस्थान उपविजेता रहा। हरियाणा की टीम तीसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता में देशभर से 30 टीमों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने विजेता और रनर-अप टीमों को सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, पूर्व विधायक बंबर ठाकुर व तिलक राज शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान, कांग्रेस नेता विवेक कुमार, एपीएमसी बिलासपुर के चेयरमैन सतपाल वर्धन, निदेशक उच्च शिक्षा अमरजीत शर्मा, निदेशक स्कूल शिक्षा आशीष कोहली, उपायुक्त राहुल कुमार और एसपी संदीप धवल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 0 9 8 2
Total Users : 290982
Total views : 493099

शहर चुनें