एक ही यूनिट 25 लोगों को बेचने का आरोप, करीब 500 निवेशकों से ठगी की आशंका
गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में रियल एस्टेट सेक्टर से जुड़ी एक बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख डेवलपर्स में शुमार 32nd माइलस्टोन के डायरेक्टर ध्रुव शर्मा को गिरफ्तार किया है। जांच अधिकारी विशाल कुमार के अनुसार, आरोपी ने करीब 500 लोगों से ठगी की है, जिनमें से अब तक 100 पीड़ित सामने आ चुके हैं।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने एक ही यूनिट का सेल एग्रीमेंट कराकर बाद में उसे कई लोगों को बेच दिया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी खुद 100 करोड़ रुपये के फ्लैट वाली गुरुग्राम की सबसे पॉश सोसाइटी ‘दी कैमेलिया’ में रहता है।
2.50 करोड़ की ठगी के पीड़ित ने दर्ज कराई शिकायत
जांच अधिकारी विशाल कुमार ने बताया कि आरोपी ध्रुव शर्मा के खिलाफ पहले भी 5 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। इस मामले में आरोप है कि सेक्टर-15 स्थित 32nd माइलस्टोन बिल्डिंग की एक यूनिट को आरोपी ने सेल एग्रीमेंट के जरिए 25 लोगों को बेच दिया।
एक पीड़ित से आरोपी ने 2 करोड़ 50 लाख रुपये लिए, लेकिन पूरी रकम लेने के बावजूद कंपनी ने उसके नाम कन्वेयन्स डीड नहीं कराई।
कंपनी प्रतिनिधि की शिकायत पर FIR दर्ज
पुलिस ने यह एफआईआर मैसेर्ज ट्रॉम वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि की शिकायत पर दर्ज की है। शिकायतकर्ता ने बताया कि बार-बार मांग के बावजूद जब डीड नहीं कराई गई, तो जांच में सामने आया कि वही यूनिट वर्ष 2022-23 के दौरान 25 अन्य लोगों को भी बेची जा चुकी थी। पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला सुनियोजित धोखाधड़ी का है।
गोल्फ कोर्स रोड से गिरफ्तारी, रिमांड की तैयारी
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ध्रुव दत्त शर्मा (34), निवासी सिविल लाइंस गुरुग्राम, को गोल्फ कोर्स रोड से गिरफ्तार किया है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ने यूनिट को टुकड़ों में बेचने के बाद उसे अपनी ही दूसरी कंपनी के नाम 30 वर्षों के लिए लीज पर ले लिया था।
पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि ठगी की रकम की बरामदगी की जा सके और इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच हो सके। फिलहाल मामले की जांच तेज कर दी गई है और पुलिस अन्य पीड़ितों से भी संपर्क कर रही है।











Total Users : 290964
Total views : 493079