April 5, 2026 6:17 am

April 5, 2026 6:17 am

PUNJAB: गुरदासपुर में मादक पदार्थ तस्करी के दो बड़े नेटवर्क ध्वस्त, यूपी निवासी समेत दो गिरफ्तार;

11 किलो हेरोइन और 5.75 लाख रुपये ड्रग मनी बरामद
चंडीगढ़/गुरदासपुर, 7 फरवरी। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरदासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने संगठित मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े दो नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए उत्तर प्रदेश निवासी समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 11 किलोग्राम हेरोइन और 5.75 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी भारत में अपने संचालकों के जरिए पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे। नेटवर्क के आगे और पीछे के लिंक खंगाले जा रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के कासिमपुर निवासी मोहम्मद वसीम और अमृतसर निवासी हर्षदीप सिंह उर्फ हर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सफेद होंडा सिटी कार (RJ45CR2918) और हुंडई वरना कार (CH01AZ0888) को भी जब्त कर लिया है।
गुरदासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आदित्य ने बताया कि पहले मामले में खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी हर्षदीप सिंह को गुरदासपुर के चिट्टी गांव के पास से गिरफ्तार किया गया। वह अपनी वरना कार में हेरोइन की खेप पहुंचाने जा रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से 8 किलोग्राम हेरोइन और 3.5 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
दूसरी कार्रवाई में दीना नगर के पनियार शुगर मिल के पास लगाए गए नाके पर आरोपी मोहम्मद वसीम को पकड़ा गया। उसकी होंडा सिटी कार की तलाशी लेने पर छह पैकेटों में रखी 3 किलोग्राम हेरोइन और 2.25 लाख रुपये ड्रग मनी बरामद हुई।
एसएसपी आदित्य ने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की पूरी संभावना है।
इस संबंध में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पहला मामला पुलिस थाना दीनानगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21सी और 27ए के तहत एफआईआर नंबर 32 (दिनांक 7 फरवरी 2026) और दूसरा मामला पुलिस थाना दोरंगला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21सी और 27ए के तहत एफआईआर नंबर 11 (दिनांक 7 फरवरी 2026) दर्ज किया गया है।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 0 9 8 2
Total Users : 290982
Total views : 493101

शहर चुनें