April 5, 2026 6:42 am

April 5, 2026 6:42 am

रूस में मेडिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में चाकूबाजी, चार भारतीय छात्रों सहित छह घायल

ऊफा में किशोर द्वारा किए गए हमले के बाद भारतीय दूतावास अलर्ट, घायलों की मदद के लिए कज़ान से अधिकारी रवाना
मॉस्को: रूस के बश्कोर्तोस्तान रिपब्लिक की राजधानी ऊफा में स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के एक हॉस्टल में शनिवार को चाकूबाजी की घटना सामने आई है। इस हमले में कम से कम छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें चार भारतीय छात्र शामिल हैं।
मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि ऊफा में हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में भारतीय छात्र भी प्रभावित हुए हैं। दूतावास ने कहा कि वह लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और कज़ान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी घायलों को सहायता प्रदान करने के लिए ऊफा रवाना हो रहे हैं।
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, एक किशोर चाकू लेकर यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में घुस गया और वहां रह रहे छात्रों पर हमला कर दिया। रूस के गृह मंत्रालय ने पुष्टि की है कि हमले में कई छात्रों को चाकू से घायल किया गया है। फिलहाल हमलावर को काबू में कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
भारतीय दूतावास ने अपने बयान में कहा कि आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है और घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
इस बीच, केंद्र सरकार ने हाल ही में संसद को विदेशों में भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर आंकड़े भी साझा किए हैं। सरकार के अनुसार, वर्ष 2018 से 2025 के बीच हिंसक घटनाओं में कनाडा में 17, अमेरिका में 9 और ऑस्ट्रेलिया में 3 भारतीय छात्रों की मौत हुई है, जबकि अन्य देशों में भी ऐसी घटनाएं सामने आई हैं।
विदेश मंत्रालय के राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी के एक अतारांकित प्रश्न के जवाब में बताया कि सरकार विदेशों में भारतीय छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। किसी भी हिंसक या अप्रिय घटना की सूचना मिलते ही भारतीय मिशन संबंधित देश के अधिकारियों से संपर्क कर जांच और दोषियों को सजा दिलाने की प्रक्रिया सुनिश्चित करते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय मिशन विदेशों में पढ़ रहे छात्रों से नियमित संपर्क बनाए रखते हैं, प्री-ओरिएंटेशन सेशन आयोजित किए जाते हैं और समय-समय पर एडवाइजरी जारी कर छात्रों को संभावित जोखिमों और सावधानियों के बारे में जागरूक किया जाता है।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 0 9 8 7
Total Users : 290987
Total views : 493106

शहर चुनें