August 28, 2026 10:17 am

August 28, 2026 10:17 am

HARYANA: कांग्रेस निगम चुनाव सिंबल पर लड़ने की तैयारी में, मेयर दावेदारों से मांगा ब्योरा

चंडीगढ़। हरियाणा में नगर निगम चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पंचकूला, अंबाला शहर और सोनीपत नगर निगमों में दमदार प्रत्याशी उतारने की रणनीति पर काम चल रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र ने साफ किया है कि पार्टी इन तीनों निगमों के चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ेगी। इसी कड़ी में मेयर पद के इच्छुक दावेदारों से आवेदन मांगे गए हैं।

प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र ने बताया कि आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 5 फरवरी तय की गई थी, लेकिन चूंकि अभी तक हरियाणा चुनाव आयोग ने नगर निगम चुनावों की तारीख घोषित नहीं की है, इसलिए इच्छुक उम्मीदवार आगे भी आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही तीनों जिलों के कांग्रेस जिलाध्यक्षों से मेयर पद के दावेदारों की पूरी सूची और ब्योरा मंगा लिया जाएगा।

महिला उम्मीदवारों की मजबूत दावेदारी
कांग्रेस के भीतर इन नगर निगमों में मेयर पद के लिए दावेदारों की कमी नहीं है। खास बात यह है कि बड़ी संख्या में महिला नेता भी अपनी दावेदारी पेश कर रही हैं। पंचकूला, अंबाला शहर और सोनीपत में महिला नेताओं की सक्रियता पार्टी के लिए अहम मानी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक पंचकूला में जहां नगर निगम का कार्यकाल समाप्त हो चुका है, वहीं अंबाला शहर और सोनीपत में उपचुनावों के बाद नए समीकरण बने हैं। अंबाला शहर की मेयर सीट इस बार अनुसूचित वर्ग (महिला) के लिए आरक्षित होने से मुकाबला और रोचक हो गया है।

पंचकूला में कई नाम चर्चा में
पंचकूला में कांग्रेस की ओर से मेयर पद के लिए आवेदन करने वालों में महिला कांग्रेस से जुड़ी प्रमुख नेता, सेवा दल की अध्यक्ष सुनीता शर्मा, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं पार्टी के कुछ पुराने चेहरे एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहे हैं।

चुनाव तारीख के बाद भी होंगे आवेदन स्वीकार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र ने स्पष्ट किया कि जब तक चुनावों की तारीख घोषित नहीं होती, तब तक आवेदन लेने की प्रक्रिया जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विपक्ष की भूमिका के साथ-साथ चुनावी मैदान में भी पूरी मजबूती से उतरने की तैयारी कर रही है।
उधर, वार्डबंदी का काम अंतिम चरण में है और हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र समाप्त होने के बाद नगर निगम चुनावों की तारीखों का ऐलान किसी भी समय किया जा सकता है। ऐसे में कांग्रेस ने अभी से रणनीति बनाकर मैदान में उतरने का संकेत दे दिया है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 9 9 3 6 3
Total Users : 399363
Total views : 644633

शहर चुनें