October 12, 2026 5:11 pm

October 12, 2026 5:11 pm

PUNJAB: लकी ओबेरॉय हत्याकांड का मुख्य आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पिस्तौल बरामद

चंडीगढ़/अमृतसर, 7 फरवरी:. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के तहत पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने लकी ओबेरॉय हत्याकांड के मुख्य आरोपी को अमृतसर के खासा इलाके से संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक बेरेटा .30 बोर पिस्तौल बरामद की गई है। यह जानकारी सीमा रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) संदीप गोयल ने दी।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जालंधर के मीठापुर निवासी शमिंदर सिंह के रूप में हुई है, जिसका आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। वारदात के समय वह एक्टिवा स्कूटर चला रहा था।
डीआईजी संदीप गोयल ने बताया कि शुक्रवार सुबह सतविंदरपाल सिंह उर्फ लकी ओबेरॉय की जालंधर के मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा की पार्किंग में उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह प्रार्थना कर लौट रहे थे। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान शुरू किया।
उन्होंने बताया कि विश्वसनीय सूचना मिली थी कि मुख्य आरोपी शमिंदर सिंह गिरफ्तारी से बचने के लिए अमृतसर के खासा क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने इलाके में चेकपॉइंट लगाकर सघन तलाशी अभियान चलाया।
अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुहैल कासिम मीर ने बताया कि जब पुलिस ने आरोपी को मोटरसाइकिल पर आते देखा और रुकने का इशारा किया, तो वह घबरा गया और भागने की कोशिश में नियंत्रण खोकर गिर पड़ा। इसके बाद उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस दौरान आरोपी घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने हत्या कांड में एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता को लेकर अहम खुलासे किए हैं। इन जानकारियों के आधार पर शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस मामले में जालंधर कमिश्नरेट के थाना डिवीजन-6 में भारतीय दंड संहिता की धारा 103(1), 3(5), 61(2) तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 25 और 27 के तहत 6 फरवरी 2026 को एफआईआर नंबर 25 दर्ज की जा चुकी है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 2 5 0
Total Users : 429250
Total views : 684518

शहर चुनें