May 23, 2026 8:24 pm

May 23, 2026 8:24 pm

जापान में एलडीपी की ऐतिहासिक जीत, सनाए ताकाइची को निर्णायक जनादेश

हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में दो-तिहाई बहुमत, संविधान संशोधन का रास्ता साफ
टोक्यो। जापान की सत्ताधारी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) ने रविवार को हुए आम चुनाव में निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में दो-तिहाई बहुमत हासिल कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। 465 सदस्यीय सदन में एलडीपी को 310 सीटें मिलीं, जिससे प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची को अपने कंजर्वेटिव नीति एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए मजबूत जनादेश मिला है। यह जानकारी क्योडो न्यूज ने दी।
इस जीत के साथ एलडीपी को संविधान में संशोधन और कानून पारित कराने का अधिकार मिल गया है, भले ही ऊपरी सदन हाउस ऑफ काउंसलर्स में सत्ताधारी गठबंधन अल्पमत में हो। युद्ध के बाद के दौर में यह उपलब्धि हासिल करने वाली एलडीपी पहली पार्टी बन गई है। चुनाव से पहले पार्टी के पास 198 सीटें थीं, जिनमें इस बार जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। विश्लेषकों के मुताबिक इस सफलता का बड़ा श्रेय प्रधानमंत्री ताकाइची की व्यक्तिगत लोकप्रियता को जाता है।

पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ताकाइची को ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा,
“हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के चुनावों में आपकी ऐतिहासिक जीत पर सनाए ताकाइची को बधाई! हमारी विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती है। मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में भारत–जापान मित्रता और ऊंचाइयों पर पहुंचेगी।”

गठबंधन मजबूत, कैबिनेट में बड़े बदलाव नहीं
एलडीपी और उसकी गठबंधन सहयोगी जापान इनोवेशन पार्टी (JIP) मिलकर सदन में मजबूत स्थिति में रहेंगी। अक्टूबर में पद संभालने के बाद ताकाइची की राजनीतिक पकड़ और मजबूत होने की उम्मीद है। जीत के बाद एक टीवी कार्यक्रम में उन्होंने कहा,
“हमारी बड़ी जिम्मेदारी है कि चुनाव के दौरान किए गए वादों को लगातार पूरा करें।”
उन्होंने संकेत दिए कि मौजूदा कैबिनेट को काफी हद तक बरकरार रखा जाएगा, जिसे जनता का अच्छा समर्थन मिला है।

विपक्ष को झटका, सुधार गठबंधन कमजोर
चुनाव में नवगठित सेंट्रिस्ट रिफॉर्म अलायंस को करारा झटका लगा। चुनाव से पहले 167 सीटें रखने वाला यह गठबंधन आधे से भी कम पर सिमट गया। सह-नेता योशिहिको नोडा और टेटसुओ सैटो ने हार के बाद इस्तीफे के संकेत दिए हैं।

महंगाई, सुरक्षा और कर राहत प्रमुख मुद्दे
महंगाई और बिगड़ते अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा हालात चुनाव के अहम मुद्दे रहे। ताकाइची ने रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने और “जिम्मेदार लेकिन आक्रामक” वित्तीय नीति अपनाने का वादा किया है। एलडीपी के प्रमुख वादों में भोजन पर 8 प्रतिशत उपभोग कर को दो साल के लिए निलंबित करने पर चर्चा तेज करना शामिल है।

छोटी पार्टियों की बढ़त
‘जापानी फर्स्ट’ एजेंडे पर चुनाव लड़ने वाली सानसेइतो पार्टी ने 13 सीटें जीतीं (पहले 2)। वहीं डिजिटल टेक्नोलॉजी के जरिए राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने वाली टीम मिराई पहली बार 9 सीटों के साथ निचले सदन में पहुंची।

मतदान और आंकड़े
चुनाव में करीब 1300 उम्मीदवार मैदान में थे। 289 सीटों का फैसला सिंगल-मेंबर जिलों से और 176 सीटों का निर्णय 11 क्षेत्रीय ब्लॉकों में आनुपातिक प्रतिनिधित्व के जरिए हुआ। शुरुआती वोटिंग 27.02 मिलियन बैलेट तक पहुंची, जो 2024 के चुनाव से लगभग 60 लाख अधिक है। क्योडो के अनुसार वोटर टर्नआउट 56.23 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो पिछले चुनाव से करीब दो प्रतिशत ज्यादा है।
गौरतलब है कि जापान में 36 साल बाद फरवरी में आम चुनाव हुए। भारी बर्फबारी के चलते कुछ क्षेत्रों में प्रचार और मतदान प्रभावित हुआ, जिसे लेकर सरकार को आलोचना का सामना भी करना पड़ा। बावजूद इसके, एलडीपी की प्रचंड जीत ने ताकाइची के नेतृत्व को नई मजबूती दी है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 2 3 5 5 6
Total Users : 323556
Total views : 540270

शहर चुनें