October 11, 2026 8:02 am

October 11, 2026 8:02 am

अंबाला–हिसार की बेटियों ने बढ़ाया हरियाणा का मान यूजीसी नेट में दीक्षा मक्कड़ देश में प्रथम, हिसार की जुड़वां बहनें बनीं असिस्टेंट प्रोफेसर

अंबाला/हिसार: हरियाणा के लिए गर्व का क्षण है। अंबाला की होनहार बेटी दीक्षा मक्कड़ ने यूजीसी नेट परीक्षा में देशभर में पहला स्थान (100 परसेंटाइल) हासिल कर न सिर्फ प्रदेश बल्कि पूरे देश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। वहीं, हिसार के सदलपुर गांव की जुड़वां बहनों पुष्पा और पूनम ने भी असिस्टेंट प्रोफेसर बनकर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

दीक्षा मक्कड़ की ऐतिहासिक उपलब्धि
अंबाला निवासी दीक्षा मक्कड़ वर्तमान में पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ में पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन विषय में पीएचडी की नियमित छात्रा हैं। दीक्षा ने यूजीसी नेट परीक्षा को एक चुनौती के रूप में लिया। लगातार चार प्रयासों में कट-ऑफ कुछ अंकों से चूकने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और कड़ी मेहनत जारी रखी।
पांचवें प्रयास में दीक्षा ने न केवल नेट परीक्षा उत्तीर्ण की, बल्कि जेआरएफ (जूनियर रिसर्च फेलोशिप) भी प्राप्त की और अपने विषय में 100 परसेंटाइल के साथ देश में पहला स्थान हासिल किया।

शैक्षणिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में भी अव्वल
दीक्षा शुरू से ही मेधावी रही हैं।
10वीं में 10 सीजीपीए
12वीं (साइंस) में 90% अंक
ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन में हर वर्ष प्रथम स्थान
इसके अलावा दीक्षा ने कत्थक नृत्य के क्षेत्र में भी कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

परिवार में खुशी का माहौल
दीक्षा की इस उपलब्धि पर उनके पिता राकेश मक्कड़, माता शिखा, परिवारजनों और गुरूजनों ने हर्ष व्यक्त किया है। उपलब्धि की खबर मिलते ही बधाई देने वालों का तांता लग गया। दीक्षा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरूजनों और बाबा जी के आशीर्वाद को दिया।

हिसार की जुड़वां बहनों की दोहरी कामयाबी
उधर, हिसार के सदलपुर गांव की 26 वर्षीय जुड़वां बहनें पुष्पा और पूनम ने भी बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दोनों का चयन असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए हुआ है।

बड़ी बहन पुष्पा ने प्रथम स्थान
छोटी बहन पूनम ने पांचवां स्थान प्राप्त किया।
दोनों बहनों के पिता हंसराज खिचड़ एबीआरसी के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता सिलोचना गृहिणी हैं। खास बात यह है कि दोनों बहनें नर्सरी से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन तक एक ही कक्षा में साथ पढ़ती रहीं।

प्रदेश के लिए प्रेरणा
अंबाला की दीक्षा मक्कड़ और हिसार की जुड़वां बहनों की यह सफलता न सिर्फ उनके परिवारों के लिए बल्कि पूरे हरियाणा की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 8 2 3 2
Total Users : 428232
Total views : 683157

शहर चुनें