August 27, 2026 11:45 pm

August 27, 2026 11:45 pm

PUNJAB: 20 हजार रुपये रिश्वत लेते कानूनगो का भाई गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

चंडीगढ़, 17 फरवरी। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए सब-तहसील महतपुर, जिला जालंधर में तैनात कानूनगो जतिंदर सिंह के भाई परमिंदर सिंह को 20,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी कानूनगो जतिंदर सिंह फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई गुरु तेग बहादर नगर, नकोदर (जिला जालंधर) निवासी एक किसान की शिकायत पर की गई। शिकायतकर्ता कार खरीद-फरोख्त का कारोबार भी करता है और उसने गांव हरिपुर में 12 मरले का एक मकान खरीदा था। मकान की सेल डीड न होने के कारण मामला अदालत में गया, जहां फैसला शिकायतकर्ता के पक्ष में आया। अपील खारिज होने के बाद अदालत के आदेशानुसार सेल डीड दर्ज कर दी गई।
प्रवक्ता के अनुसार, मकान का कब्जा दिलाने के लिए कानूनगो को आवेदन दिया गया था। इस प्रक्रिया में पहले कंप्यूटरीकृत हदबंदी के नाम पर 15,000 रुपये वसूले गए। इसके बाद मकान खाली कराने का नोटिस जारी किया गया। आरोप है कि कानूनगो जतिंदर सिंह ने तहसीलदार के नाम पर कब्जा दिलाने के एवज में 1 लाख रुपये रिश्वत की मांग की। दबाव बनाने पर मौके पर 10,000 रुपये ले लिए गए और शेष राशि किश्तों में देने की बात तय हुई। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने से जुड़ी बातचीत रिकॉर्ड कर ली।
आगे दबाव बढ़ने पर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो रेंज जालंधर से संपर्क किया। प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और कानूनगो के भाई परमिंदर सिंह—जिसे रिश्वत लेने के लिए भेजा गया था—को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में 20,000 रुपये रिश्वत लेते हुए काबू कर लिया।
इस मामले में विजिलेंस ब्यूरो थाना जालंधर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपी कानूनगो जतिंदर सिंह की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 9 9 2 3 9
Total Users : 399239
Total views : 644471

शहर चुनें