October 13, 2026 9:06 pm

October 13, 2026 9:06 pm

PANCHKULA: नगर निगम आयुक्त विनय कुमार ने सेक्टर-27 स्थित ओल्ड एज होम और वर्किंग वुमेन हॉस्टल तथा गाँव जलोली की सीएंडडी वेस्ट साइट का किया दौरा

उपलब्ध व्यवस्थाओं का लिया जायज़ा

वृद्धजनों की देखभाल को और बेहतर बनाने के लिए नई एजेंसी नियुक्त करने का निर्णय- आयुक्त

महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना नगर निगम की सामाजिक जिम्मेदारी

सीएंडडी वेस्ट के वैज्ञानिक निपटान को गति देने के लिए नई एजेंसी जल्द नियुक्त करने के दिए निर्देश

पंचकूला फरवरी 23: नगर निगम पंचकूला के आयुक्त, विनय कुमार, ने सोमवार को सेक्टर-27 स्थित ओल्ड एज होम और वर्किंग वुमेन हॉस्टल तथा गाँव जलोली में स्थित सीएंडडी वेस्ट साइट का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
आयुक्त विनय कुमार ने सेक्टर-27 स्थित ओल्ड एज होम का दौरा कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि वृद्धजनों की देखभाल को अधिक पेशेवर और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नई एजेंसी को नियुक्त करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि नई एजेंसी की नियुक्ति से रखरखाव, स्वच्छता, सुरक्षा एवं दैनिक प्रबंधन की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित होगा, जिससे वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकेंगी। आयुक्त ने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान और उनकी समुचित देखभाल नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एजेंसी नियुक्ति की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर सभी व्यवस्थाएँ संतोषजनक स्तर पर सुनिश्चित की जाएँ।
इसके उपरांत आयुक्त विनय कुमार ने सेक्टर-27 में ही स्थित महिला छात्रावास का भी दौरा कर वहाँ की समग्र व्यवस्थाओं का विस्तृत आकलन किया। उन्होंने छात्रावास में निवासरत महिलाओं से संवाद कर सुरक्षा, स्वच्छता, भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं, बिजली-पानी, रखरखाव तथा अन्य मूलभूत आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहे और सभी व्यवस्थाएँ उच्च मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएँ।आयुक्त ने कहा कि कार्यरत महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना नगर निगम की सामाजिक जिम्मेदारी है।
इसी कड़ी में आयुक्त विनय कुमार ने गाँव जलोली के निकट स्थित सीएंडडी वेस्ट (कंस्ट्रक्शन एंड डेमोलिशन वेस्ट) साइट का दौरा कर वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सीएंडडी वेस्ट के वैज्ञानिक निपटान एवं प्रोसेसिंग कार्य को गति देने के लिए नई एजेंसी की शीघ्र नियुक्ति के निर्देश दिए।
उन्होंने साइट पर प्रोसेसिंग प्लांट की स्थापना, नियमित निगरानी, सीमा दीवार की सुदृढ़ता तथा अन्य आवश्यक सुधार कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयुक्त विनय कुमार ने कहा कि निर्माण एवं विध्वंस कचरे का उचित प्रबंधन, पुनर्चक्रण और उपयोगी सामग्री जैसे ईंट, पेवर ब्लॉक आदि में रूपांतरण शहर की स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अत्यंत आवश्यक है।
यह संयुक्त निरीक्षण नगर निगम पंचकूला की नागरिक कल्याण, महिला सुरक्षा, वरिष्ठ नागरिक सम्मान तथा स्वच्छ एवं सतत विकास के प्रति गंभीरता और सक्रिय दृष्टिकोण को दर्शाता है। नगर निगम पंचकूला शहर में उच्च स्तर की सार्वजनिक सेवाएँ सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 6 9 4
Total Users : 429694
Total views : 685141

शहर चुनें