October 12, 2026 4:24 pm

October 12, 2026 4:24 pm

HARYANA: लाल डोरे से 5 किलोमीटर तक डेरे-ढाणियों को 24 घंटे बिजली, दायरा बढ़ाने का बड़ा फैसला

चंडीगढ़, 24 फरवरी। हरियाणा सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत देते हुए लाल डोरे से 5 किलोमीटर तक स्थित डेरे और ढाणियों को 24 घंटे बिजली आपूर्ति देने का फैसला किया है। यह निर्णय जनप्रतिनिधियों की मांग पर लिया गया है, जिससे अब अधिक बस्तियों को ‘म्हारा गांव–जगमग गांव’ योजना का लाभ मिलेगा।
हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले सरकार की नीति के अनुसार 11 घरों को एक डेरा या ढाणी माना जाता था। अब इस परिभाषा में बदलाव करते हुए जहां 11 सदस्य निवास कर रहे हैं, उसे डेरा या ढाणी के रूप में मान्यता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि पहले लाल डोरे से एक किलोमीटर की परिधि में आने वाले डेरे और ढाणियों को ‘म्हारा गांव–जगमग गांव’ योजना के तहत 24 घंटे बिजली आपूर्ति दी जाती थी। हरियाणा विधानसभा के शून्यकाल के दौरान विधायक मंजू चौधरी द्वारा यह मुद्दा उठाए जाने के बाद सरकार ने इस पर पुनर्विचार किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जनप्रतिनिधियों की मांग को स्वीकार करते हुए बड़ा निर्णय लिया है। अब लाल डोरे से एक किलोमीटर की सीमा को बढ़ाकर 5 किलोमीटर कर दिया गया है।
इस फैसले के तहत अब लाल डोरे से 5 किलोमीटर की परिधि में आने वाले सभी डेरे और ढाणियों को ‘म्हारा गांव–जगमग गांव’ योजना के अनुरूप 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराई जाएगी।
सरकार का मानना है कि इस निर्णय से प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले हजारों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही ग्रामीण विकास को गति मिलेगी और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के संकल्प को और मजबूती मिलगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 2 3 7
Total Users : 429237
Total views : 684472

शहर चुनें