वार्ड-27 की पार्षद गुरबक्श रावत ने कम्युनिटी सेंटर में किया सम्मान, संघर्ष और मेहनत की कहानी युवाओं के लिए बनी प्रेरणा
चंडीगढ़: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर चंडीगढ़ की होनहार बेटी आकृति डोभाल को सम्मानित किया गया। चंडीगढ़ नारी एकता मंच के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम में वार्ड-27 की पार्षद गुरबक्श रावत ने सेक्टर-38 वेस्ट के कम्युनिटी सेंटर में आकृति डोभाल को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्र के लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर आकृति डोभाल की उपलब्धि को क्षेत्र और पूरे शहर के लिए गर्व का विषय बताया गया।
UPSC में ऑल इंडिया रैंक 93 से बढ़ाया शहर का मान
पार्षद गुरबक्श रावत ने कहा कि आकृति डोभाल ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 93 हासिल कर न केवल अपने परिवार और क्षेत्र का बल्कि पूरे चंडीगढ़ का नाम देशभर में रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि वह आकृति को बचपन से जानती हैं और यह बेटी शुरू से ही बेहद प्रतिभाशाली और मेहनती रही है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों और युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
संघर्ष और मेहनत की मिसाल बनी आकृति
कार्यक्रम के दौरान आकृति डोभाल ने उपस्थित लोगों से अपने संघर्षपूर्ण सफर को साझा किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने लगातार प्रयास करते हुए तीन बार यह परीक्षा दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और चौथे प्रयास में शानदार सफलता हासिल की।
उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को पाने के लिए धैर्य, मेहनत और आत्मविश्वास बेहद जरूरी है। असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना ही सफलता की कुंजी है।
परिवार और महिलाओं ने दिया आशीर्वाद
इस अवसर पर आकृति के माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। मंच की प्रधान राजेश्वरी सहित उपस्थित महिलाओं ने आकृति को आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने कहा कि आकृति जैसी बेटियां समाज के लिए प्रेरणा हैं और उनकी सफलता से यह संदेश जाता है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।
बेटियों की सफलता पर जताई खुशी
पार्षद गुरबक्श रावत ने कहा कि ईश्वर करे हमारे देश की बेटियां इसी तरह आगे बढ़ती रहें और हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर देश का नाम रोशन करें।
उन्होंने सभी नागरिकों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है।











Total Users : 291949
Total views : 494481