June 10, 2026 10:44 am

June 10, 2026 10:44 am

रूहानी ताकत के नाम पर 14 लाख की ठगी, पंचकूला पुलिस ने गिरोह का किया भंडाफोड़

प्यार वापस दिलाने के झांसे में युवती से ऐंठे लाखों रुपये, मुख्य आरोपी समेत 3 गिरफ्तार
पंचकूला: Panchkula Police ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए रूहानी ताकत और तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के मुख्य सरगना सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक युवती को उसका बिछड़ा प्यार वापस दिलाने का झांसा देकर करीब 14 लाख रुपये की ठगी की थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल शिशोदिया (मुख्य आरोपी), खुशवीर बत्रा उर्फ खुशू और सन्नी वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम और वारदात में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

इंस्टाग्राम के जरिए बनाया शिकार
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि पंचकूला निवासी एक युवती ने साइबर क्राइम थाना में शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार दिसंबर 2025 में इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी मुलाकात एक युवती से हुई, जिसने उसे एक कथित मौलाना का नंबर दिया और दावा किया कि वह बिछड़े हुए पार्टनर को दोबारा मिलवा सकता है।
जब पीड़िता ने उस नंबर पर संपर्क किया तो आरोपी ने खुद को रूहानी शक्तियों वाला मौलाना बताकर विश्वास में लिया। शुरुआत में केवल 2150 रुपये फीस मांगी गई, लेकिन बाद में चिराग जलाने, यंत्र बनाने, दुआ कबूल कराने और परिवार पर संकट आने का डर दिखाकर आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में पीड़िता से लगभग 14 लाख रुपये ठग लिए।

पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी पहले गिरफ्तार
पीड़िता की शिकायत पर 28 जनवरी 2026 को साइबर क्राइम थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 316(2), 318(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान सेक्टर-20 साइबर थाना की टीम ने एसएचओ युद्धवीर सिंह की अगुवाई में तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों की जानकारी के आधार पर कार्रवाई की। जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने 4 मार्च 2026 को आरोपी खुशवीर बत्रा और सन्नी वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी श्रीगंगानगर (राजस्थान) के रहने वाले हैं और उनके खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर हुई थी।
पुलिस रिमांड के दौरान खुशवीर के घर से 30 हजार रुपये और सन्नी के पास से 15 हजार रुपये नकद व मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके बाद 9 मार्च को दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

मास्टरमाइंड भी दबोचा
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने 9 मार्च को गिरोह के मास्टरमाइंड साहिल शिशोदिया को भी गिरफ्तार कर लिया, जो खुद को मौलाना बताकर पीड़िता को डराता और पैसे ऐंठता था। आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है, ताकि ठगी की बाकी रकम और अन्य तकनीकी सबूत बरामद किए जा सकें।

पुलिस की नागरिकों से अपील
पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने कहा कि साइबर अपराधी अक्सर लोगों की भावनाओं और अंधविश्वास का फायदा उठाकर ठगी करते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सोशल मीडिया पर ऐसे किसी भी व्यक्ति पर भरोसा न करें जो चमत्कार या रूहानी शक्तियों का दावा करता हो।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति डराकर या झांसा देकर पैसे मांगता है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या नजदीकी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस के अनुसार मामले में अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच जारी है।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 3 8 7 9 0
Total Users : 338790
Total views : 561937

शहर चुनें