April 6, 2026 1:26 am

April 6, 2026 1:26 am

पंचकूला : स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का नागरिक अस्पताल में औचक निरीक्षण, सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी; गैस की कालाबाजारी पर भी दी चेतावनी

पंचकूला। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने मंगलवार को पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कई विभागों का दौरा कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। हालांकि सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंत्री संतुष्ट नहीं दिखीं और संबंधित अधिकारियों से जवाब भी तलब किया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने सबसे पहले इमरजेंसी वार्ड का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने लेबर रूम, एनआईसीयू वार्ड और जन औषधि काउंटर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया और पूछा कि इलाज या दवाओं को लेकर किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही।
सफाई कर्मचारियों की मौजूदगी पर उठाए सवाल
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री को अस्पताल में सफाई व्यवस्था को लेकर कई खामियां नजर आईं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में करीब 16 से 17 सफाई कर्मचारी तैनात हैं, लेकिन निरीक्षण के समय यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि कौन कर्मचारी किस स्थान पर ड्यूटी कर रहा है। मंत्री ने अधिकारियों से सफाई कर्मचारियों का पूरा हिसाब-किताब मांगा, लेकिन मौके पर संतोषजनक जानकारी नहीं मिल सकी।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में सफाई व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री ने संकेत दिए कि अस्पतालों में सफाई और सुरक्षा का काम पीपीपी मोड पर देने पर सरकार विचार कर रही है, ताकि व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।

दवाओं की उपलब्धता की करवाई जांच
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने दवाओं की उपलब्धता को लेकर भी विशेष ध्यान दिया। उन्होंने अपने स्टाफ के सदस्यों को अलग-अलग काउंटरों पर भेजकर दवाओं की स्थिति की जांच करवाई और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर दवाएं मिलती रहें। जन औषधि काउंटर पर भी उन्होंने दवाओं की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली।
गैस की कालाबाजारी नहीं होने देगी सरकार
मीडिया से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने अंतरराष्ट्रीय हालातों का जिक्र करते हुए कहा कि Iran–Israel conflict के चलते एलपीजी गैस की किल्लत की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हालात पर नजर रखे हुए है और गैस की किसी भी तरह की कालाबाजारी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर कहीं भी गैस की जमाखोरी या कालाबाजारी की शिकायत मिली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

राज्यसभा चुनाव में भाजपा की जीत का दावा
स्वास्थ्य मंत्री ने राज्यसभा चुनाव को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार संजय भाटिया की जीत तय है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के पास पर्याप्त समर्थन है और पार्टी मजबूती के साथ चुनाव जीतेगी।
स्वास्थ्य मंत्री के औचक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में हलचल देखी गई और अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए तुरंत कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 3 4 0
Total Users : 291340
Total views : 493636

शहर चुनें