पंचकूला। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव बुधवार को अचानक पंचकूला पहुंचीं और सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पंचकूला सेक्टर 6 का औचक निरीक्षण किया। मंत्री के अचानक अस्पताल पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल मच गई।
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, इमरजेंसी और दवा वितरण काउंटर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और मरीजों को दी जा रही सेवाओं का जायज़ा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में इलाज के लिए आए मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत की तथा उनसे अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों और स्टाफ की उपस्थिति तथा मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बताया जा रहा है कि मंत्री ने अस्पताल के रजिस्टर, दवा स्टॉक और विभिन्न विभागों के रिकॉर्ड भी चेक किए। साथ ही अधिकारियों से अस्पताल की मौजूदा व्यवस्थाओं, स्टाफ की संख्या और मरीजों की औसत संख्या के बारे में जानकारी ली।
स्वास्थ्य मंत्री के इस औचक निरीक्षण को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अस्पताल प्रशासन को भी निर्देश दिए गए हैं कि मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और किसी भी तरह की शिकायत सामने नहीं आनी चाहिए।
मंत्री के निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और अस्पताल प्रशासन के कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।











Total Users : 291334
Total views : 493630