April 5, 2026 6:19 am

April 5, 2026 6:19 am

13 मार्च से पंचकूला में वसंत उत्सव-2026, मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन

पंचकूला। नायब सिंह सैनी 13 मार्च को सेक्टर-5 स्थित टाउन पार्क पंचकूला में आयोजित होने वाले वसंत उत्सव-2026 का शुभारंभ करेंगे। यह तीन दिवसीय उत्सव 13 से 15 मार्च तक आयोजित होगा, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से वसंत ऋतु के आगमन का उत्सव मनाया जाएगा।
इस संबंध में पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण (पीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के. मकरंद पांडुरंग ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सतपाल शर्मा भी मौजूद रहे।
सीईओ के. मकरंद पांडुरंग ने बताया कि 13 मार्च को मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में उत्सव का उद्घाटन करेंगे, जबकि 15 मार्च को समापन समारोह में हरियाणा के मुख्य सचिव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ काम करें।

स्वच्छता, बिजली और सुरक्षा के निर्देश
बैठक के दौरान पीएमडीए सीईओ ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और नगर निगम पंचकूला को कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम को उत्सव के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने को कहा गया।
इसके अलावा जनस्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग और नगर निगम को पर्याप्त संख्या में मोबाइल शौचालय उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। कानून-व्यवस्था और पार्किंग व्यवस्था के लिए पुलिस विभाग द्वारा पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। फूड स्टॉल्स पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जिम्मेदारी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को सौंपी गई है।
उपायुक्त सतपाल शर्मा ने जिला सचिवालय से बैठक में भाग लेते हुए भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन के सहयोग से वसंत उत्सव का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा और इसके लिए अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई जाएगी।

तीन दिन होंगी रंगारंग प्रतियोगिताएं
उत्सव के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
13 मार्च: रंगोली, पेंटिंग, फेस पेंटिंग, टेक्सटाइल कार्टोग्राफी, टैटू पेंटिंग और एनवायरमेंटल क्विज।
14 मार्च: मेहंदी प्रतियोगिता, मोनो एक्टिंग, हास्य कवि सम्मेलन, फैंसी ड्रेस और डुएट डांस प्रतियोगिता।
15 मार्च: बेबी शो, फैशन शो, पॉट पेंटिंग, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, सेल्फी प्रतियोगिता, सोलो सिंगिंग और फोक डांस प्रतियोगिता।
तीनों दिनों में सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन होगा और विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।

वसंत ऋतु के उल्लास का उत्सव
सीईओ के. मकरंद पांडुरंग ने कहा कि वसंत उत्सव वसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक है, जिसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, फूलों की सजावट, शिल्प प्रदर्शनियों और पाक कला के अनुभवों के माध्यम से हरियाणा की समृद्ध परंपराओं और विकसित होती सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित किया जाता है।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त विनय कुमार, पीएमडीए के मुख्य अभियंता राजीव शर्मा, एक्सईएन (हॉर्टिकल्चर) निधि भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

2 9 0 9 8 2
Total Users : 290982
Total views : 493101

शहर चुनें