चंडीगढ़/रोहतक। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) रोहतक की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोनीपत में तैनात एक एएसआई को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान एएसआई पवन कुमार (नं. 865/सोनीपत), उम्र 45 वर्ष, निवासी गांव जबाला, जिला करनाल के रूप में हुई है, जो थाना HSIIDC बडी, जिला सोनीपत में तैनात था।
ब्यूरो की टीम ने आरोपी को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। इस संबंध में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
शिकायत पर हुई कार्रवाई
मामले की शिकायत गांव गढ़ी केसरी, तहसील गन्नौर (जिला सोनीपत) निवासी प्रमोद ने एंटी करप्शन ब्यूरो को दी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार उसके और उसके बेटे के खिलाफ लड़ाई-झगड़े के मामले में थाना HSIIDC बडी में 3 जनवरी 2026 को मुकदमा संख्या 06 दर्ज किया गया था, जिसमें धारा 351(3), 3(5), 126 और 115 BNS लगाई गई थीं।
प्रमोद ने बताया कि 5 मार्च 2026 को वह और उसका बेटा थाने में जाकर अपनी कच्ची जमानत करवा चुके थे। इसके बाद 10 मार्च को मामले के जांच अधिकारी एएसआई पवन कुमार ने फोन कर मुकदमे में राहत देने और उसके बेटे का नाम केस से निकालने के बदले 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।
रेड कर आरोपी को पकड़ा
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो ने मामले की प्रारंभिक जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद 12 मार्च 2026 को अभियोग संख्या 08 दर्ज कर निरीक्षक फतेह सिंह के नेतृत्व में रेडिंग टीम गठित की गई।
टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी एएसआई को थाना HSIIDC बडी, सोनीपत में 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो हरियाणा के निदेशक डॉ. ए.एस. चावला ने कहा कि सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति है और भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत मांगता है तो इसकी सूचना तुरंत हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो के टोल फ्री नंबर 1800-180-2022 या 1064 पर दें। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।












Total Users : 292131
Total views : 494739