April 6, 2026 5:03 am

April 6, 2026 5:03 am

चलती ट्रेन में महिला ने दिया बच्ची को जन्म, यात्रियों और रेलवे स्टाफ की सूझबूझ से बची दो जिंदगियां

फरीदाबाद: फरीदाबाद में एक चलती ट्रेन के भीतर मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल देखने को मिली, जब श्री माता वैष्णो देवी कटरा–जबलपुर एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक गर्भवती महिला ने बच्ची को जन्म दिया। समय से पहले लेबर पेन शुरू होने के बावजूद ट्रेन में मौजूद यात्रियों, जीआरपी पुलिस और रेलवे मेडिकल स्टाफ की तत्परता से सुरक्षित डिलीवरी कराई गई।
महिला अपने परिवार के साथ जम्मू-कश्मीर के कटरा से मध्य प्रदेश लौट रही थी। जानकारी के अनुसार, महिला 11450 जबलपुर एक्सप्रेस से सफर कर रही थी, तभी रास्ते में आठवें महीने में ही उसे तेज लेबर पेन शुरू हो गया। हालात बिगड़ते देख ट्रेन में ही डिलीवरी करानी पड़ी।

ट्रेन में अचानक बिगड़ी तबीयत:
परिजनों ने बताया कि महिला अभिलाषा मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के गांव सिटोली की रहने वाली है। वह अपने पति जवाहरलाल के साथ जम्मू-कश्मीर में काम करती थी और प्रसव के लिए गांव लौट रही थी। शुक्रवार दोपहर ट्रेन के दिल्ली पहुंचने पर महिला को हल्का दर्द महसूस हुआ, लेकिन तुगलकाबाद स्टेशन पार करते ही दर्द तेज हो गया और स्थिति गंभीर हो गई।

महिलाओं ने दिखाई मानवता:
महिला की हालत देखकर S-5 कोच में मौजूद अन्य महिलाएं तुरंत मदद के लिए आगे आईं। उन्होंने सीटों के चारों ओर चादर और कंबल लगाकर घेरा बनाया और आसपास के यात्रियों को दूसरी ओर भेज दिया। कुछ अनुभवी महिलाओं ने सूझबूझ से ट्रेन में ही सुरक्षित डिलीवरी कराई।

रेलवे प्रशासन हुआ अलर्ट:
इसी दौरान किसी यात्री ने रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी। जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हुआ और ट्रेन को फरीदाबाद ओल्ड रेलवे स्टेशन पर रोका गया। महिला और नवजात की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन करीब 26 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही।

मेडिकल टीम और सुरक्षा बलों की अहम भूमिका:
स्टेशन पर रेलवे मेडिकल की महिला स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंची और मां-बेटी की प्राथमिक जांच की। इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी की महिला पुलिसकर्मियों की मदद से दोनों को एंबुलेंस द्वारा फरीदाबाद के बीके अस्पताल भेजा गया, जहां उनका आगे का इलाज किया गया।

मां-बेटी दोनों सुरक्षित:
इस संबंध में जीआरपी डीएसपी राजेश चेची ने बताया कि जम्मू-कश्मीर से मध्य प्रदेश जा रही श्री माता वैष्णो देवी कटरा–जबलपुर एक्सप्रेस में महिला की सुरक्षित डिलीवरी कराई गई है। फिलहाल मां और नवजात बच्ची दोनों पूरी तरह स्वस्थ और सुरक्षित हैं।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 3 4 6
Total Users : 291346
Total views : 493642

शहर चुनें