दिवाली पर गहने देने का झांसा देकर फरार हुए आरोपी, ठगी के पैसों से यूपी में खोली नई दुकानें; 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजे गए
बाबूगिरी ब्यूरो
पंचकूला, 28 मार्च: पंचकूला पुलिस ने सस्ते सोने और किटी स्कीम के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर ज्वैलर्स को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 10 परिवारों को झांसे में लेकर करीब 56 लाख 75 हजार रुपये की ठगी की थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वर्ष 2025 में मढ़ावाला क्षेत्र में “श्री हरिदास ज्वैलर्स” के नाम से दुकान खोली थी। यहां वे लोगों को सस्ते सोने और आकर्षक किटी स्कीम का लालच देकर पैसे जमा करवाते थे। आरोपियों ने ग्राहकों को दिवाली पर गहने देने का वादा किया, लेकिन समय आने पर दुकान बंद कर मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गए।
इस मामले की शुरुआत तब हुई जब मोरनी निवासी एक महिला सहित कई पीड़ितों ने शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के आधार पर 28 नवंबर 2025 को पिंजौर थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) और 318(4) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने नकद और बैंक खातों के जरिए बड़ी रकम इकट्ठी की थी। कुल मिलाकर 10 लोगों से करीब 56.75 लाख रुपये एडवांस लिए गए थे।
कार्रवाई करते हुए मढ़ावाला चौकी पुलिस टीम ने 27 मार्च को मुख्य आरोपी ओमप्रकाश (निवासी बिहार) को उत्तर प्रदेश से और पारस मनी दुबे (निवासी यूपी) को दिल्ली से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल फोन, चांदी के आभूषण, घड़ियां और नकदी बरामद की गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि ठगी की रकम से उन्होंने उत्तर प्रदेश में नई ज्वैलरी दुकानें खोल ली थीं और बड़ी राशि अलग-अलग ठिकानों पर छिपा रखी है।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता का बयान:
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि मढ़ावाला चौकी टीम ने इंचार्ज मान सिंह और जांच अधिकारी एएसआई कप्तान सिंह के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में ठगी से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस दौरान अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी, ठगी की रकम और आभूषणों की बरामदगी तथा गिरोह के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस अब आरोपियों के उत्तर प्रदेश और बिहार स्थित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी कर रही है, ताकि ठगी से जुड़ी पूरी संपत्ति बरामद की जा सके। साथ ही पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।













Total Users : 345645
Total views : 571761