October 14, 2026 11:34 pm

October 14, 2026 11:34 pm

आगामी आम बजट में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने पर विशेष फोकस हो : स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव

जीआईएस मैपिंग से सुनिश्चित हो कि कोई क्षेत्र स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे

बजट तैयारियों की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता
चंडीगढ़, 5 जनवरी। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आगामी आम बजट में राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जीआईएस मैपिंग के आधार पर यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रदेश का कोई भी क्षेत्र स्वास्थ्य संस्थानों से वंचित न रहे, ताकि सभी नागरिकों को समान और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
स्वास्थ्य मंत्री आज चंडीगढ़ में आयुष, स्वास्थ्य एवं मेडिकल एजुकेशन विभाग से संबंधित बजट तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं। बैठक में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की वर्तमान स्थिति, आवश्यकताओं और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
नूंह और महेंद्रगढ़ को मिली बड़ी सौगात
बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि नूंह जिले के गांव टाईं स्थित उप-स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में अपग्रेड करने की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी गई है। इसके साथ ही आवश्यक स्टाफ की नियुक्ति के लिए करीब 36 लाख रुपये के व्यय को भी स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
इसके अलावा महेंद्रगढ़ जिले के गांव खातोदड़ा में नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की भी स्वीकृति दी गई है। इससे आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को अपने क्षेत्र में ही प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
दूरदराज और पिछड़े क्षेत्रों पर विशेष ध्यान
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां-जहां स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता है, वहां नई स्वास्थ्य सुविधाएं शुरू करने के लिए बजट में अग्रिम प्रावधान किए जाएं। उन्होंने कहा कि दूरदराज और पिछड़े क्षेत्रों में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने दोहराया कि हरियाणा सरकार आमजन के स्वास्थ्य को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और प्रदेश में सुलभ, सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में ये वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, आयुष विभाग के महानिदेशक संजिव वर्मा, नेशनल हेल्थ मिशन हरियाणा के मिशन निदेशक रिप्पुदमन सिंह ढिल्लो, मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च विभाग के निदेशक यशेंद्र सिंह, स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशक डॉ. मनीष बंसल, डॉ. कुलदीप सिंह, डॉ. वीरेंद्र यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 3 0 2 5 8
Total Users : 430258
Total views : 685952

शहर चुनें